IPL 2024 आईपीएल के दिग्गज बल्लेबाज अंबाती रायुडू ने अपनी इच्छा जाहिर करते हुए कहा कि जब एमएस धोनी संन्यास ले तो रोहित शर्मा उनकी जगह चेन्नई सुपरकिंग्स की कप्तानी कर सकते हैं। आईपीएल 2024 का शुरुआती मैच गत चैंपियन चेन्नई सुपरकिंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच खेला जाएगा। मुंबई इंडियंस अपना पहला मुकाबला गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेलेगा।इंडियन प्रीमियर लीग का 17वां संस्करण 22 मार्च से शुरू होगा। गत चैंपियन चेन्नई सुपरकिंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा।मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपरकिंग्स दोनों के लिए खेल चुके दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज अंबाती रायुडू ने आगामी टूर्नामेंट के लिए अपनी राय प्रकट की है। रायुडू ने सीएसके टीम के साथ 2023 खिताब जीतने के बाद आईपीएल से संन्यास लिया था। उन्होंने मुंबई इंडियंस में कप्तानी में हुए बदलाव को लेकर अपनी राय रखी।पता हो कि मुंबई इंडियंस ने आगामी टूर्नामेंट के लिए रोहित शर्मा की जगह हार्दिक पांड्या को कप्तानी सौंपी है। रायुडू का मानना है कि हार्दिक पांड्या के लिए मुंबई इंडियंस की कप्तानी करना मुश्किल होगा क्योंकि गुजरात टाइंटस और पलटन का माहौल अलग-अलग है। रायुडू का मानना है कि हार्दिक पांड्या को एक साल मुंबई के लिए खेलना चाहिए था और फिर कप्तानी करनी थी। ऐसा इसलिए क्योंकि रोहित अब भी भारतीय टीम की कप्तानी कर रहे हैं।