श्रावस्ती के इकौना निवासी 22 दिवसीय बच्चे की शुक्रवार की रात अचानक तबीयत खराब हो गई थी। जिसका इलाज करवाने के लिए परिवार के लोग कार से बहराइच आ रहे थे। इस दौरान बहराइच - बलरामपुर मार्ग पर तेज रफ्तार कंटेनर ने टक्कर मार दी। हादसे में मासूम की मौत हो गई और कार सवार उसके माता पिता समेत चार घायल हो गए।श्रावस्ती जिले के इकौना थाना क्षेत्र के अकबरपुर निवासी मनोज सिंह उर्फ नहर सिंह के 22 दिवसीय बेटे की शुक्रवार की रात अचानक तबीयत खराब हो गई थी। जिस पर वह पत्नी और अपने माता पिता के साथ बेटे का इलाज करवाने के लिए मेडिकल कालेज बहराइच ला रहे थे।इस दौरान कोतवाली देहात में बहराइच बलरामपुर मार्ग पर दोनक्का तिराहे के पास सामने से आ कंटेनर ने टक्कर मार दी। हादसे में उनके 22 दिवसीय बेटे की मौत हो गई। वहीं, कार सवार कार मनोज, उनकी पत्नी लक्ष्मी, मनोज की मां सीमा सिंह और कार सवार लव कुमार सिंह व लल्लू गोस्वामी गम्भीर रूप से घायल हो गए। हादसे के मौके पर चीख पुकार मच गई।सूचना पर पहुंची कोतवाली देहात पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कालेज में भर्ती करवाया। इमरजेंसी चिकित्सक मनोज चौधरी ने बताया कि सास और बहू की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर कर दिया गया। कोतवाल देहात बृजेंद्र मिश्रा ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही।