गोरखपुर जिले में खोराबार इलाके के सहारा इस्टेट में सोमवार दोपहर बच्चे को पड़ोसी के पालतू कुत्ते ने काट लिया। घटना से नाराज पिता ने लाइसेंसी रिवाल्वर से कुत्ते को दो गोलियां मार दीं, जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस पहुंची, लेकिन आरोपी घर पर नहीं था।कुत्ते के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। सोसाइटी की ओर से पुलिस को घटना की जानकारी दी गई है। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले आरोपी युवक को भी कुत्ते ने काट लिया था। पुलिस अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवक के बेटे को कुत्ते ने दांत लगा दिया। इसके बाद बच्चा रोने लगा। इससे नाराज होकर आरोपी घर से रिवाल्वर लेकर कुत्ते को खोजने लगा। दोपहर एक बजे के करीब स्थानीय बच्चे पार्क में खेल रहे थे। वहीं कुछ बुजुर्ग धूप में बैठे थे। इसी बीच एक युवक वहां पहुंचा और परिसर में घूम रहे काले रंग के कुत्ते को लाइसेंसी रिवाल्वर से दो गोली मार दी।गोली चलने से पूरे परिसर में दहशत फैल गई। खेल रहे बच्चे और बुजुर्ग डर से घर भाग गए। स्थानीय लोगों के अनुसार यह कुत्ता परिसर में ही रहता था। किसी को नुकसान नहीं पहुंचाता था। खेल-खेल में आरोपी के बच्चे को कुत्ते का दांत लग गया।उधर, घटना के बाद पशुओं पर काम करने वाली एक संस्था भी मौके पर पहुंचकर पुलिस के साथ जांच पड़ताल की। सीओ कैंट अंशिका वर्मा ने बताया कि खोराबार थाने में केस दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।