गोरखपुर शहर में कोतवाली इलाके के विजय चौक पर युवतियों पर अभद्र टिप्पणी करने के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी आने-जाने वाली युवतियों पर फब्तियां कस रहा था। सूचना पर गई कोतवाली पुलिस ने आरोपी को पकड़ा और दरोगा की तहरीर पर केस दर्ज कर कार्रवाई की। आरोपी के दो साथी मौका पाकर फरार हो गए थे, पुलिस उनकी भी तलाश में जुटी है।आरोपी की पहचान महराजगंज जिले के पनियरा थाना क्षेत्र के जंगल जरलहा निवासी अटल विहारी मौर्य के रूप में हुई है। दरोगा रवि प्रकाश यादव ने दी तहरीर में लिखा है कि शनिवार को विजय चौक पर गश्त करने गया। वहां कुछ लड़के एकत्र थे। उनमें से एक आने-जाने वाली लड़कियों पर फब्तियां कस रहा था।महिला पुलिस के साथ तत्काल घेराबंदी कर पकड़ लिया गया, लेकिन उसके दो साथी फरार हो गए। आसपास के लोगों से पता चला कि वह कई दिनों से इसी तरह की हरकत कर रहा था। दरोगा की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई की है।