दंगा नियंत्रण का कराया गया व्यावहारिक अभ्यास, पुलिसकर्मियों को संयम और कानून के दायरे में कार्रवाई के निर्देश
देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र, 09 अक्टूबर। शारदीय नवरात्र एवं दशहरा पर्व के मद्देनजर शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सोनभद्र पुलिस अलर्ट हो गई है। शुक्रवार को पुलिस लाइन चुर्क के परेड ग्राउंड में दंगा नियंत्रण एवं बलवा ड्रिल का आयोजन कर पुलिसकर्मियों को आपात परिस्थितियों से निपटने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। वहीं, नवरात्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर जनपद मीरजापुर रवाना किया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के पर्यवेक्षण में आयोजित अभ्यास को क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा, क्षेत्राधिकारी कार्यालय/लाइन भुवनेश्वर सिंह तथा क्षेत्राधिकारी राज सोनकर ने संपन्न कराया। इसका उद्देश्य त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस की तैयारियों, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता और आपसी समन्वय को परखना रहा।
ड्रिल के दौरान पुलिसकर्मियों को एंटी रायट गन, रबर बुलेट, अश्रु गैस के गोले, ग्रेनेड, लाठी-डंडे, हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर, कैन शील्ड, हैंड गार्ड और लेग गार्ड सहित विभिन्न दंगा निरोधी उपकरणों की जानकारी दी गई। उपकरणों की जांच के बाद निर्धारित समय में सुरक्षा उपकरण धारण करने तथा भीड़ नियंत्रण की विभिन्न प्रक्रियाओं का अभ्यास कराया गया।
ड्रोन से निगरानी, भीड़ नियंत्रण के लिए गठित की गईं विशेष टीमें
बलवा ड्रिल में पुलिसकर्मियों की अलग-अलग विशेष टीमें गठित कर उनकी जिम्मेदारियों का व्यावहारिक प्रदर्शन कराया गया। इनमें ड्रोन सर्विलांस, फ्रंटलाइन, अश्रु गैस एवं ग्रेनेड ऑपरेशन, जल तोप, उपद्रवियों की गिरफ्तारी, बैकअप एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया, मेडिकल एवं राहत, संचार-वायरलेस और यातायात नियंत्रण टीमें शामिल रहीं। सभी टीमों को उनकी जिम्मेदारियों और आपसी समन्वय के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
अभ्यास के दौरान अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को संयम बरतने, विधिसम्मत कार्रवाई करने, मानवाधिकारों का सम्मान करने और परिस्थितियों के अनुरूप आवश्यक बल का ही प्रयोग करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए तैयार रहने पर जोर दिया।
मीरजापुर में नवरात्र ड्यूटी संभालेगा पुलिस बल
नवरात्र पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिसकर्मियों को ब्रीफिंग देकर ड्यूटी संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके बाद पुलिस बल को नवरात्र ड्यूटी के लिए जनपद मीरजापुर रवाना किया गया।
इस दौरान जनपद के थाना प्रभारी, पुलिस लाइन के अधिकारी एवं कर्मचारी, प्रशिक्षणरत रिक्रूट तथा अन्य संबंधित पुलिसकर्मी मौजूद रहे। सोनभद्र पुलिस ने आगामी नवरात्र एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए कानून-व्यवस्था बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई।
