देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। जिले में कथित रूप से अवैध रूप से संचालित निजी अस्पतालों के खिलाफ सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रवक्ता शत्रुंजय मिश्रा के नेतृत्व में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने अवैध अस्पतालों पर कार्रवाई, उन्हें बंद कराने तथा संबंधित नोडल अधिकारी डॉ. गुलाब शंकर यादव को बर्खास्त करने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान शत्रुंजय मिश्रा ने आरोप लगाया कि जिले में कई निजी अस्पताल बिना प्रभावी निगरानी के संचालित हो रहे हैं, जहां अप्रशिक्षित चिकित्सकों और स्टाफ द्वारा मरीजों का उपचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जांच के नाम पर केवल औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। मिश्रा ने हाल में नगर स्थित सिंह हेल्थ केयर में प्रसूता और नवजात की हुई मौत का उल्लेख करते हुए इसकी निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अवैध अस्पतालों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस बड़ा आंदोलन करेगी। महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष ऊषा चौबे ने आरोप लगाया कि प्रसव के दौरान लगातार हो रही मौतों ने स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोल दी है। उनका कहना था कि कुछ दलाल जिला अस्पताल से मरीजों को निजी अस्पतालों में ले जाकर आर्थिक शोषण करते हैं, जिससे मरीजों की जान भी जोखिम में पड़ जाती है। सदर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अमरेश देव पांडे ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य विभाग में भ्रष्टाचार के कारण कई निजी अस्पताल फल-फूल रहे हैं। उन्होंने अस्पतालों के पंजीकरण और संचालन की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में बसवान गुप्ता, महिला कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष शांति विश्वकर्मा, शीला देवी, उर्मिला देवी, रामफल, रीता देवी, रामचंद्र, अमृता देवी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अवैध अस्पतालों के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सीएमओ कार्यालय पर किया प्रदर्शन
जुलाई 13, 2026
0
Tags
.jpg)