देवल, ब्यूरो चीफ,म्योरपुर, सोनभद्र। शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और विद्यालय से वंचित बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से सनातन जन भावना समिति, आरंगपानी (झरईलटोला) के तत्वावधान में सोमवार को कुदरी के महुआ टोला स्थित प्राथमिक विद्यालय में स्कूल चलो अभियान के तहत प्रवेशोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नए बच्चों का नामांकन कराया गया तथा उन्हें कॉपी, पेंसिल सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई।
समिति के पदाधिकारियों ने अभिभावकों से बच्चों का नियमित नामांकन कराने और प्रतिदिन विद्यालय भेजने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षा ही बेहतर भविष्य और समृद्ध समाज की आधारशिला है। उन्होंने ग्रामीणों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान रामदास गौड़ एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य बलि सिंह गौड़ ने कहा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने समिति के इस प्रयास को सराहनीय बताते हुए ऐसे कार्यक्रमों को निरंतर चलाने की आवश्यकता पर बल दिया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से संतोष कुमार गुप्ता, अक्षय विज, सुभाष चंद्र, अशोक कुमार वैस, अशोक कुमार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शिवकुमारी एवं मोनिका देवी मौजूद रहीं। कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष रामबली प्रसाद, उपाध्यक्ष प्रभावती देवी, प्रबंधक रघुवर दयाल, उप प्रबंधक शिवमूरत सिंह, सचिव कमदेव प्रसाद, उप सचिव संदीप कुमार, कोषाध्यक्ष अशोक कुमार, उप कोषाध्यक्ष दिनेश कुमार सहित समिति के पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में समिति ने शिक्षा, समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों की सहायता तथा सनातन संस्कृति के संरक्षण और प्रचार-प्रसार के लिए भविष्य में भी जनकल्याणकारी कार्यक्रम जारी रखने का संकल्प लिया।
.jpg)