देवल संवाददाता, मऊ। जनपद के पुलिस लाइन परिसर में आयोजित होमगार्ड भर्ती परीक्षा के अंतर्गत शारीरिक दक्षता परीक्षा (Physical Efficiency Test) एवं अभिलेखीय सत्यापन प्रक्रिया का आज जिलाधिकारी श्री आनंद वर्द्धन ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भर्ती प्रक्रिया की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अभ्यर्थियों के पंजीकरण, दस्तावेजों के सत्यापन,शारीरिक दक्षता परीक्षा के संचालन, चिकित्सा सहायता,पेयजल, प्रतीक्षालय एवं सुरक्षा व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शासन की निर्धारित गाइडलाइन के अनुरूप संपन्न कराई जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही,अनियमितता अथवा पक्षपात की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। प्रत्येक अभ्यर्थी को समान अवसर उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी चरणों का संचालन निर्धारित मानकों एवं समयबद्ध तरीके से किया जाए। उन्होंने अभिलेखीय सत्यापन कार्य में लगे अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सावधानीपूर्वक एवं निष्पक्ष सत्यापन किया जाए तथा किसी भी अभिलेख की जांच में निर्धारित प्रक्रिया का पूर्णतः पालन सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया तथा पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि भर्ती स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती रहे, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। उन्होंने अभ्यर्थियों के लिए पेयजल,छाया, प्राथमिक उपचार तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया की प्रत्येक गतिविधि पर सतत निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण निष्ठा,पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी,पुलिस प्रशासन के अधिकारी एवं भर्ती प्रक्रिया में तैनात कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने होमगार्ड भर्ती परीक्षा की शारीरिक दक्षता परीक्षा एवं अभिलेखीय सत्यापन प्रक्रिया का किया निरीक्षण
जुलाई 13, 2026
0
Tags
