देवल संवाददाता, आजमगढ़ जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के शाहगढ़ चौराहा पर शुक्रवार भोर लगभग 4 बजे एक बड़ा हादसा हो गया, जब गन्ने के शीरे से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो गया।
बताया जा रहा है कि टैंकर सठियांव की ओर से आ रहा था। इसी दौरान सामने से समेदा रोड की तरफ से आ रही एक ट्रैक्टर ट्रॉली को बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया। टैंकर डिवाइडर पर चढ़कर दूसरी तरफ पलट गया। हादसे में टैंकर चालक और उसका सहयोगी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
टैंकर पलटने के बाद उसमें भरा गन्ने का शीरा सड़क पर लगभग 200 मीटर तक फैल गया, जिससे सड़क बेहद फिसलन भरी हो गई। हालात इतने खराब हो गए कि सुबह के समय स्कूल जाने वाले बच्चे, स्थानीय राहगीर और अन्य लोग लगातार फिसलकर गिरते रहे। अनुमान है कि 100 से 150 लोग इस दौरान गिरकर चोटिल हुए, जिनमें कई को गंभीर चोटें भी आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस ने सड़क पर आवागमन को सुचारू करने और लोगों को फिसलने से बचाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था संभाली। साथ ही स्थानीय प्रशासन द्वारा सड़क की सफाई और यातायात बहाल करने का कार्य तेजी से कराया जा रहा है।
वहीं, स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह हादसा अचानक हुआ, जिससे किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क को पूरी तरह साफ कराया जाए, ताकि आगे किसी भी प्रकार की दुर्घटना न हो।
फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है, और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
