कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे’—प्रभारी मंत्री
कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर । गिरीश चन्द्र यादव, मा० राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण, उ०प्र० तथा प्रभारी मंत्री, अम्बेडकरनगर ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था की गहन समीक्षा की।
बैठक में माननीय प्रभारी मंत्री ने जनपद के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने स्मार्ट मीटर के भुगतान होते ही लाभार्थी को तत्काल विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने मीरपुर शेखपुर में लो वोल्टेज की समस्या का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आरडीएसएस एवं सौभाग्य योजना के कार्यों सहित अन्य स्वीकृत कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता ने बताया कि जनपद में ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना प्राप्त होते ही निर्धारित समयसीमा के अंदर बदला जा रहा है कोई भी खराब ट्रांसफार्मर बदलने का कार्य लंबित नहीं है। उन्होंने अवगत कराया की जनपद में 9 मोबाइल ट्रांसफार्मर उपलब्ध है आवश्यकतानुसार उनका उपयोग सुनिश्चित किया जा रहा है।
बैठक में माननीय प्रभारी मंत्री ने फसल बीमा योजना के बारे में अधिक से अधिक किसानों को जागरूक कर इससे जोड़ने एवं लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के मजदूरी भुगतान समय से करने एवं सभी लाभार्थियों को शौचालय के लाभ से भी आच्छादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सड़क निर्माण एवं अनुरक्षण कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने वर्षा ऋतु से पूर्व सभी स्वीकृत कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने जनपद में संचालित 108 एवं 102 एम्बुलेंसों के फिटनेस की नियमित जांच करने एवं निर्धारित चेक लिस्ट के अनुसार नियमित सत्यापन कराने तथा उसमें ऑक्सीजन एवं अन्य समस्त सुविधाओं की उपलब्धता एवं क्रियाशीलता सुनिश्चित रखने और जन सामान्य तक शासन के मंशानुसार स्वास्थ्य सुविधाओं की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने जिला चिकित्सालय में संचालित किए गए ट्रामा सेंटर में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को और भी सुदृढ़ बनाए जाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जिला चिकित्सालय में 40 बेड की डायलिसिस यूनिट तैयार है जो शीघ्र प्रारंभ कर दी जाएगी।
जल जीवन मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा के दौरान अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण ने बताया कि जनपद में 571 परियोजनाओं के सापेक्ष 212 परियोजनाएं पूर्ण हैं, इनमें शिरोपरि जलाशय से जलापूर्ति की जा रही है। 136 परियोजनाओं में सीधे पंप से जलापूर्ति की जा रही है तथा 223 अन्य परियोजनाएं भी निर्माण अधीन हैं।
बैठक में प्रभारी मंत्री ने 15वां वित्त आयोग के अंतर्गत प्राप्त धनराशि का कार्य योजना के सापेक्ष नियमानुसार समय से व्यय सुनिश्चित करने तथा सभी कार्य योजनाओं की नियमित निगरानी करने और सत्यापन कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर विगत वर्ष में वृक्षारोपण के दौरान रोपित किए गए पौधों में से जीवित पौधों के स्थिति की समीक्षा के दौरान जहां पर पौधे सूख गए हैं वहां पुनः पौधों को रोपित कराए जाने तथा बचे हुए पौधों की सुरक्षा हेतु संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक पौधों को सुरक्षित करने के दिशा में कार्य करने हेतु प्रभागीय पदाधिकारी को निर्देशित किया गया।
प्रत्येक ब्लॉक में एक बृहद गौशाला को बनाए जाने के स्थिति की समीक्षा में अवगत कराया गया कि विकासखंड कटेहरी, जलालपुर, रामनगर एवं अकबरपुर में कुल पांच बृहद गौशाला संचालित की जा रही है। विकासखंड भीटी ( ग्राम–पूरे दरबार) एवं भियांव (ग्राम–आशापारा) में शासन से स्वीकृति प्राप्त हो गई है जिस पर प्रभारी मंत्री ने शीघ्र कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
बैठक में माननीय प्रभारी मंत्री ने केंद्र एवं राज्य सरकार की समस्त जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश देते हुए कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में शासन की मंशा के अनुरूप कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने विभिन्न विकास परियोजनाओं के प्रगति की समीक्षा करते हुए विकास परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरी गुणवत्ता के साथ पूर्ण कर उन्हें संबंधित विभागों को हस्तांतरित करने तथा संबंधित विभाग द्वारा उनके सुचारू रूप से संचालन कराए जाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने निर्माण कार्यों की समयबद्धता एवं गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने विलंब से चल रही परियोजनाओं पर पेनल्टी लगाने और उसकी पेनल्टी वसूली भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री द्वारा माननीय मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के माध्यम से शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, उद्यान, ऊर्जा, कृषि, ग्राम्य विकास, ग्रामीण अभियंत्रण, पंचायतीराज, पर्यटन, पशुधन, पिछड़ा वर्ग कल्याण, मत्स्य, महिला एवं बाल विकास, माध्यमिक शिक्षा, युवा कल्याण, लोक निर्माण विभाग, श्रम एवं सेवायोजन, सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम, समाज कल्याण, सहकारिता, सिंचाई आदि विभागों के अंतर्गत संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रगति की समीक्षा की गई।
इसके उपरांत प्रभारी मंत्री द्वारा कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान उन्होंने लंबित एवं पुराने वादों की विवेचना का नियमानुसार त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गो–बध से संबंधित मामलों में सख्त एवं शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ ही भू–माफियाओं के विरुद्ध प्रभावी दंडात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही, कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले एवं अराजक तत्वों के विरुद्ध कड़ी एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
तदोपरांत मा. प्रभारी मंत्री द्वारा कर, करेत्तर एवं राजस्व से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी द्वारा आश्वस्त किया गया कि शासन द्वारा संचालित विभिन्न विकास पर योजनाओं एवं प्राप्त निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में माननीय सदस्य विधान परिषद श्री हरिओम पांडे, जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया, पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह, मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर संजय कुमार शैवाल, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती ज्योत्सना बंधु सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदाई संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
