आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर के मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब कनावा नहर की पुलिया के नीचे एक युवक का शव संदिग्ध हालात में मिला। शव देख ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पहचान की कोशिश शुरू की। जांच के दौरान मृतक की पहचान जटाशंकर सरोज (32 वर्ष), पुत्र अमरनाथ सरोज, निवासी बिठौली थाना हंडिया, जनपद प्रयागराज के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि वह मड़ियाहूं के रानीपुर गांव में अपनी बहन के घर आया हुआ था।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह के अनुसार, घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि युवक की मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
