देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी हो चुकी है। मेडिकल कालेज में व्याप्त दुर्व्यवस्था का खामियाजा यहां के गरीब तबके के मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। गत मंगलवार की देर रात करीब 12 बजे से मेडिकल कालेज की विद्युत आपूर्ति ठप होने से मरीज खासे परेशान रहे। बुधवार दोपहर तक ठप रही विद्युत आपूर्ति से इस भीषण गर्मी में मरीज पानी के लिए भी दर-दर भटकते नजर आए। वहीं, बिजली गुल रहने से ब्लड जांच, पैथोलॉजी, डेंटल सेवाएं और ऑपरेशन थिएटर तक प्रभावित रहे। सबसे गंभीर स्थिति तब सामने आई जब जांच के लिए लिए गए ब्लड सैंपल 12 घंटे से अधिक समय तक प्रोसेस न हो पाने के कारण खराब हो गए, जिससे रिपोर्ट की विश्वसनीयता पर सवाल उठने लगे हैं।
मेडिकल कालेज के सी ब्लॉक की हालत सबसे खराब बताई जा रही है, जहां ब्लड जांच और ऑपरेशन थिएटर जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं होने के बावजूद न तो जनरेटर है और न ही इनवर्टर की व्यवस्था। ऐसे में आपात स्थिति में बड़े हादसे का खतरा बना हुआ है। सी ब्लॉक प्रभारी डॉ. ज्योति अग्रवाल ने बताया कि उन्हें हाल ही में जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने माना कि बिजली न होने से ब्लड सैंपल प्रभावित हुए हैं और जल्द ही उच्च अधिकारियों से समन्वय कर व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने का प्रयास किया जाएगा। मरीजों और तीमारदारों ने बताया कि यह समस्या नई नहीं है, बल्कि आए दिन बिजली गुल रहने से इलाज प्रभावित
होता है। कई मरीजों को ब्लड रिपोर्ट के लिए बार-बार अस्पताल आना पड़ रहा है, लेकिन उन्हें निराश होकर लौटना पड़ता है।
.jpg)