महिलाओं को सुरक्षा व अधिकारों की दी गई जानकारी
आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर, 15 अप्रैल 2026।जनपद में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान फेज–5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा प्रभावी रूप से संचालित किया गया।
अभियान के तहत जिले के सभी थानों पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों एवं मिशन शक्ति टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों के प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, धार्मिक स्थलों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भ्रमण कर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया। इस दौरान उन्हें महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों की रोकथाम के उपायों पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही नवीन कानूनों — भारतीय न्याय संहिता एवं भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता — के प्रावधानों की भी विस्तार से जानकारी दी गई, जिससे आमजन कानून के प्रति अधिक सजग हो सकें।
महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा के तरीके, गुड टच और बैड टच की पहचान तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें यह भी बताया गया कि यदि सार्वजनिक स्थानों, बसों या रास्तों में किसी प्रकार की छेड़खानी या उत्पीड़न की घटना होती है, तो वे डरें नहीं बल्कि तुरंत शिकायत दर्ज कराएं।
पुलिस टीम द्वारा विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की गई, जिनमें 1090 (वीमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन पुलिस सेवा), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड लाइन), 108 व 102 (एम्बुलेंस सेवा), 101 (अग्निशमन सेवा) और 1930 (साइबर हेल्पलाइन) शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त, महिलाओं को यातायात नियमों के पालन के प्रति भी जागरूक किया गया और उनसे अपील की गई कि वे न केवल स्वयं नियमों का पालन करें, बल्कि अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
जनपद पुलिस का यह अभियान समाज में महिलाओं के प्रति सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
