आमिर, देवल ब्यूरो ,मछलीशहर (जौनपुर)। नगर के शाही रोड मीरपुर तिराहा निवासी 25 वर्षीय शादाब पुत्र पौने राईन की वाराणसी में हुए एक भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही पूरे नगर में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं परिवार में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शादाब नगर की सब्जी मंडी में फल बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। शुक्रवार की सुबह वह अपनी दुकान के लिए नारियल पानी लेने वाराणसी गया था। दोपहर में लौटते समय बाबतपुर के पास कठिरांव बाजार के निकट पीछे से आ रही एक टेंपो ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद शादाब सड़क पर गिर पड़ा। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई।
स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव को घर ले आए। परिजनों के अनुसार शादाब की शादी महज 15 दिन पहले ही हुई थी, जिससे घर में खुशियों का माहौल मातम में बदल गया है।
नगर में इस आकस्मिक मौत से हर कोई स्तब्ध है और शोक व्यक्त कर रहा है। शनिवार को युवक को सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
दूसरी घटना में युवक घायल
वहीं एक अन्य सड़क दुर्घटना में नंदलाल पूरा मोहल्ला निवासी 30 वर्षीय सरफराज घायल हो गए। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात भोजन के बाद वह टहलने निकले थे। इसी दौरान महादेव सिन्हा रोड पर दो कारों की टक्कर हो गई, जिसकी चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल सरफराज को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
