आमिर, देवल ब्यूरो ,रामपुर (जौनपुर)। विकास खंड रामपुर में आयोजित “भूसा दान महाभियान” के अंतर्गत जनसहभागिता का प्रेरक और सराहनीय उदाहरण देखने को मिला। कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह की मौजूदगी में कुल 135 कुंतल भूसा एकत्रित कर गौशालाओं के लिए रवाना किया गया।
इस पुनीत अभियान में समाजसेवियों, किसानों और ग्राम प्रधानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। क्षेत्र के प्रमुख योगदानकर्ताओं में राजकुमार सिंह द्वारा 35 कुंतल, ग्राम प्रधान कोचरी द्वारा 20 कुंतल, राम सिंह पटेल द्वारा 18 कुंतल, वीरेंद्र प्रसाद द्वारा 15 कुंतल, ग्राम प्रधान भानपुर द्वारा 15 कुंतल तथा विश्वजीत गिरी द्वारा 20 कुंतल भूसा दान किया गया।
संग्रहित भूसे को विकास खंड के अस्थायी गोवंश आश्रय स्थलों—सिधवन, पचरुखी जालिम सिंह और पूराजीवन—के लिए भेजा गया, जिससे वहां संरक्षित गोवंश के भरण-पोषण में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी और एसएसपी ने भूसा लदी गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही सभी दानदाताओं को अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिससे लोगों में सेवा भावना और उत्साह और भी बढ़ा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों एवं किसानों से अपील करते हुए कहा कि गोवंश संरक्षण एक सामूहिक जिम्मेदारी है और ऐसे अभियानों में सभी को अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग करना चाहिए।
“भूसा दान महाभियान” ने न केवल जनसेवा की मिसाल पेश की, बल्कि समाज में संवेदनशीलता, सहयोग और सामूहिक जिम्मेदारी का मजबूत संदेश भी दिया।
.jpeg)