टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान टीम में अनफिट खिलाड़ी मौजूद थे। इसमें बाबर आजम और फखर जमान का नाम शामिल था। ये दोनों बल्लेबाज टूर्नामेंट के दौरान शारीरिक रूप में पूरी तरह से फिट नहीं थे लेकिन इसके बावजूद उन्हें टीम में शामिल किया गया था। इसक प्रभाव ये रहा कि पाक टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी। वे लगातार चौथे आईसीसी इवेंट के नॉकआउट स्टेज में नहीं पहुंच सके।
चोटिल खिलाड़ियों के टीम में होने की वजह से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) सवालों के घेरे में है। पाक टीम के चिकित्सा निदेशक जावेद मुगल ने चोट को लेकर चिंता जाहिर की है। तो वहीं पाकिस्तान के फिजियोथेरेपिस्ट क्लिफ डीकन पर अनफिट प्लेयर्स को फिट घोषित करने के आरोप लग रहे हैं। इससे पहले भी उनके ऊपर इस तरह के आरोप लग चुके हैं।
सवालों के घेरे में PCB
पीटीआई की रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें कहा गया है कि डॉ. जावेद गुलाम, जो इस साल की शुरूआत में टीम के साथ चिकित्सा निदेशक के रूप में जुड़े हैं, उन्होंने खिलाड़ियों की चोट को लेकर चिंता जाहिर की है। प्लेयर्स की फिटनेस की जांच के बाद ये मामला सामने आया है। इसके अलावा सबसे बड़ा सवाल टी20 वर्ल्ड कप को लेकर है। ये दोनों खिलाड़ी हैमिस्ट्रिंग की समस्या से जूझ रहे थे लेकिन इसके बावजूद उन्हें टीम में शामिल किया गया।
सूत्रों के मुताबिक बाबर आजम की जांच के बाद पता चला कि उनकी चोट अब और भी गंभीर हो गई है। इसके अलावा फखर को लेकर भी इसी तरह की जानकारी सामने आई है। फखर पिछले कई महीनों से चोट से जूझ रहे हैं। टीम मैनेजमेंट ने पहले भी नेशनल सेलेक्टर्स को इस बात की जानकारी दी थी कि डीकन ने खिलाड़ियों को फिट घोषित किया है। हालांकि, वे फिट नहीं है लेकिन इसके बावजूद उन्हें टीम में शामिल कर लिया गया।
फिटनेस पर काम कर रहे बाबर आजम
बाबर आजम अपनी चोट पर नेशनल क्रिकेट एकैडमी में पीसीबी की मेडिकल टीम की देखरेख में रिहैब की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। उम्मीद है कि वे पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) से पहले फिट हो जाएंगे। बाबर पीएसएल में पेशावर जल्मी के कप्तान हैं और टूर्नामेंट की शुरूआत 26 मार्च से होने वाली है। तो वहीं फखर नेशनल टी20 कप में वापसी कर चुके हैं। हालांकि, वे बांग्लादेश दौरे के लिए फिट नहीं थे लेकिन अब उम्मीद है कि पीएसएल में खेलते हुए दिखाई देंगे।