इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 से पहले मौजूदा विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और उसके फैंस के लिए अच्छी खबर आई है। कर्नाटक सरकार ने एम. चिन्नास्वामी में मैचों के आयोजन की अनुमति दे दी है। राज्य सरकार ने सोमवार को इस बात की मंजूरी दे दी।
पिछले साल आरसीबी की पहली खिताबी जीत के बाद चिन्नस्वामी में जश्न का आयोजन किया गया था। इस दौरान मैदान के बाहर काफी भीड़ थी जिससे भगदड़ मच गई थी और 11 लोगों के मरने की खबर थी। वहीं कई लोग घायल हो गए थे। इसी कारण इस मैदान पर आयोजन के लिए असुरक्षित करार दिया गया।
कमेटी ने सौंपी रिपोर्ट
इसी के चलते इस स्टेडियम में न ही महिला वनडे वर्ल्ड कप के मैच कराए गए और न ही हाल ही में खत्म हुए टी20 वर्ल्ड कप-2026 के मैचों का आयोजन किया गया था। इसके बाद स्टेडियम की जांच के लिए एक कमेटी बनाई गई थी जिसने एक डिटेल रिपोर्ट राज्य के गृह मंत्री जी. परमेश्वर को सौंपी है। इस रिपोर्ट में मैदान की सुरक्षा और तैयारियों के बारे में बताया गया है और हरी झंडी दी गई है।
इस मैदान पर आरसीबी अपने पांच लीग मैच खेलेगी। चिन्नास्वामी इस सीजन के पहले मैच की मेजबानी करेगा। 28 मार्च को होने वाले इस मैच में आरसीबी का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। इसके अलावा रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम आरसीबी का दूसरा घरेलू मैदान है। इसके अलावा एक प्लेऑफ मैच और फाइनल भी इस मैदान में होना है। ऐसे में मैदान की मेजबानी को लेकर जो काले बादल थे वो सरकार की अनुमति के बाद पूरी तरह से हट गए हैं।
दूसरा खिताब जीतने की कोशिश
आरसीबी की कोशिश होगी कि वह इस बार फिर विजेता बने और अपना दूसरा आईपीएल खिताब जीते। पिछले साल आरसीबी ने 17 साल का सूखा खत्म करते हुए खिताब अपने नाम किया था। इसी कारण पूरे बेंगलुरू में और आरसीबी के फैंस ने जमकर जश्न मनाया था।