53 नर्सिंग अधिकारियों की नियुक्ति से स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा नया बल
कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के लोक भवन सभागार से ऑनलाइन माध्यम से नवचयनित नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस कड़ी में महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज, को 53 नर्सिंग अधिकारी मिले हैं। यह नियुक्ति यूपी लोक सेवा आयोग की स्टाफ नर्स भर्ती प्रक्रिया के तहत हुई है, जिससे राज्य के मेडिकल कॉलेजों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूती मिल रही है।कार्यक्रम का सीधा प्रसारण लोक भवन से हुआ। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के बाद कॉलेज परिसर में एक उत्साहपूर्ण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि हरिओम पाण्डेय (सदस्य, विधान परिषद), विशिष्ट अतिथि धर्म राज निषाद (विधायक, कटहरी) एवं अतिथि श्यामसुंदर वर्मा (अध्यक्ष, जिला पंचायत अम्बेडकर नगर) ने उपस्थित नवनियुक्त नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।नियुक्ति पत्र मिलते ही सभी नए नर्सिंग अधिकारियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। मुख्य अतिथि हरिओम पाण्डेय ने प्रधानाचार्य द्वारा नर्सिंग हॉस्टल की कमी बताए जाने पर तत्काल आश्वासन दिया। उन्होंने कहा, “आप मुझे लिखित मांग पत्र सौंपिए, मैं भरोसा दिलाता हूं कि नर्सिंग हॉस्टल की कमी जल्द दूर कर दी जाएगी।”विशिष्ट अतिथि धर्म राज निषाद ने अपने संबोधन में नव नियुक्त नर्सिंग स्टाफ को सेवा भाव से कार्य करने की सलाह दी और कहा कि मरीजों की देखभाल में समर्पण ही असली सफलता है।प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश यादव ने बताया कि इन 53 नर्सिंग अधिकारियों के शामिल होने से कॉलेज में मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा। वर्तमान में कॉलेज में कुल 255 नर्सिंग स्टाफ के स्वीकृत पदों के मुकाबले मात्र 79 नर्स तैनात थे। इन 53 नई नियुक्तियों के साथ अब कुल 132 नर्सिंग स्टाफ हो जाएंगे, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और बेहतर होगी।कार्यक्रम में उपप्रधानाचार्य डॉ. उमेश वर्मा, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमित पटेल, चीफ प्रॉक्टर डॉ. प्रमोद यादव, प्रधानाचार्य नर्सिंग डॉ. भास्कर सहित अन्य संकाय सदस्य, नर्सिंग स्टाफ, कर्मचारीगण, छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अमित पटेल ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन उप प्रधानाचार्य डॉ. उमेश वर्मा ने किया।यह नियुक्ति न केवल नए नर्सिंग अधिकारियों के लिए नई शुरुआत है, बल्कि अम्बेडकर नगर के मेडिकल कॉलेज में मरीजों के लिए बेहतर इलाज और देखभाल का मार्ग भी प्रशस्त कर रही है। योगी सरकार की स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।