सभी एलपीजी कनेक्शन धारकों को कनेक्शन का केवाईसी अनिवार्य
कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।जनपद में एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए ई–केवाईसी प्रक्रिया को सरल, सुलभ एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक श्री अभिजित आर शंकर की अध्यक्षता में महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज, सदरपुर के ऑडिटोरियम में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के समस्त कोटेदार, जिला पूर्ति अधिकारी, ऑयल कंपनियों (BPCL, HPCL एवं IOCL) के प्रतिनिधि, समस्त पूर्ति निरीक्षक एवं एलपीजी वितरक उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान कोटेदारों को एलपीजी कनेक्शन धारकों के ई–केवाईसी से संबंधित मोबाइल ऐप एवं पूरी प्रक्रिया को चरणबद्ध एवं सरल भाषा में समझाया गया। जिलाधिकारी ने सभी कोटेदारों से अपील करते हुए निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शेष नॉन-केवाईसी उपभोक्ताओं का ई–केवाईसी आगामी एक सप्ताह के भीतर शत-प्रतिशत पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक एलपीजी उपभोक्ता के लिए केवाईसी कराना अनिवार्य है, जिससे गैस सिलेंडर की निर्बाध एवं सुगम आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद के सभी नॉन-केवाईसी उपभोक्ताओं की सूची संबंधित कोटेदारों को उपलब्ध कराई जाए, ताकि योजनाबद्ध तरीके से अभियान चलाकर आगामी एक सप्ताह में ई–केवाईसी कार्य पूर्ण कराया जा सके। इसी के साथ जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कुछ उपभोक्ताओं का कनेक्शन ग्रामीण क्षेत्र का है किंतु यह शहरी क्षेत्र में निवासरत हैं उनका मैपिंग कराकर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। शादी– विवाह, अन्य अनुष्ठानों एवं समारोहों हेतु जलौनी लकड़ी की पर्याप्त उपलब्धता है, 2000 कुंतल से अधिक जलौनी लकड़ी उपलब्ध है। स्कूल, हॉस्पिटल, आवासीय विद्यालय, वृद्धा आश्रम, शैक्षणिक संस्थानों एवं अन्य महत्वपूर्ण उपयोग हेतु जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं जिला पूर्ति अधिकारी की कमेटी की स्वीकृति से सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में किसी के प्रकार की ओवर रेटिंग की सूचना संबंधित पूर्ति निरीक्षक को दें, किसी भी स्तर पर ओवर रेटिंग की शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित पर त्वरित विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने सभी से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि अफवाहों पर ध्यान ना दे।
बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी ने समस्त एलपीजी उपभोक्ताओं को अवगत कराया कि अब वे घर बैठे ही अपने गैस कनेक्शन का केवाईसी पूर्ण कर सकते हैं। इसके लिए उपभोक्ता अपने एंड्रॉयड मोबाइल के Play Store से भारत गैस के उपभोक्ता Hello Bharat App (लिंक https://play.google.com/store/apps/details?id=com.cgt.bharatgas ), इंडियन गैस के उपभोक्ता IndianOil ONE App (लिंक https://play.google.com/store/apps/details?id=cx.indianoil.in ), एचपी गैस के उपभोक्ता HP PAY App (लिंक https://play.google.com/store/apps/details?id=com.drivetrackplusrefuel ) तथा AadhaarFaceRD App (लिंक https://play.google.com/store/apps/details?id=in.gov.uidai.facerd ) डाउनलोड कर निर्धारित प्रक्रिया का पालन करें। इस सुविधा से उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी जाने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे समय की बचत के साथ-साथ प्रक्रिया अधिक सरल एवं सुविधाजनक होगी।
जिला प्रशासन ने सभी एलपीजी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे शीघ्रातिशीघ्र अपना ई–केवाईसी पूर्ण कराकर शासन की इस सुविधा का लाभ उठाएं तथा गैस आपूर्ति में किसी भी प्रकार की असुविधा से बचें।