देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सोनभद्र पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत जनपदभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारियों के पर्यवेक्षण में सभी थाना क्षेत्रों में विविध कार्यक्रम आयोजित कर समाज के विभिन्न वर्गों को जागरूक किया जा रहा है। अभियान के दौरान लिंगानुपात, लैंगिक समानता, बाल विवाह, लैंगिक शोषण, महिलाओं एवं बच्चों के प्रति हिंसा, साक्षरता एवं स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर विशेष रूप से जानकारी दी गई। इसी क्रम में पुलिस टीमों ने विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों एवं ग्राम सभाओं में पहुंचकर संवाद कार्यक्रम आयोजित किए, जहां बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के उपाय तथा महिला उत्पीड़न से संबंधित विधिक प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल एवं लिंक, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, बैंकिंग धोखाधड़ी तथा ओटीपी साझा न करने के संबंध में भी लोगों को सतर्क किया गया, जिससे आमजन साइबर ठगी का शिकार होने से बच सकें। सोनभद्र पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर दें और जागरूक बनकर स्वयं तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करें। महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों में 112 आपातकालीन सेवा, 1090/1091 महिला सुरक्षा हेल्पलाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 1930 साइबर अपराध हेल्पलाइन एवं 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शामिल हैं। सोनभद्र पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों, अपराध एवं महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
.jpeg)