आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र स्थित चौकिया धाम में दर्शन करने आए तीन मित्रों में से एक किशोर की पोखरे में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रतापगढ़ जनपद के दीवानगंज पट्टी निवासी कमलदीप कश्यप (15 वर्ष) पुत्र संतोष कश्यप सोमवार की सुबह अपने दो मित्रों कमलदीप और अमित के साथ चौकिया माता के दर्शन करने जौनपुर आया था। दर्शन करने के बाद तीनों दोस्त चौकिया धाम स्थित पोखरे में स्नान करने लगे।
इसी दौरान अचानक कमलदीप गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। यह देखकर उसके दोनों मित्रों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पोखरे में उतरकर काफी प्रयास के बाद किशोर को बाहर निकाला।
इसके बाद 108 नंबर एंबुलेंस की मदद से उसे तत्काल जिला अस्पताल जौनपुर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही लाइन बाजार थाना पुलिस अस्पताल पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
किशोर की मौत की खबर जैसे ही उसके परिजनों को मिली, घर में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।