कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।जनपद अम्बेडकरनगर के थाना कोतवाली टाण्डा क्षेत्र के हयातगंज में एक ज्वैलर्स दुकान पर नकली पिस्टल (गैस लाइटर) के बल पर लूट की कोशिश करने वाला एक अभियुक्त पुलिस की त्वरित कार्रवाई से माल सहित गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त नकली हथियार और लूटे गए सोने के आभूषण बरामद कर लिए हैं।पुलिस सूत्रों के अनुसार, दिनांक 17 मार्च 2026 को दोपहर करीब अभियुक्त मोहम्मद सलीम पुत्र मोहम्मद शमीम, निवासी छोटी बाजार कस्बा पश्चिम, थाना अलीगंज जनपद अम्बेडकरनगर ने स्वयं को मुंबई से आया हुआ बताकर हयातगंज स्थित अखिलेश्वर ज्वैलर्स (एसबीआई बैंक के बगल में) में प्रवेश किया। उसने दुकानदार से सोने की अंगूठियां और चैन दिखाने के बहाने मंगवाईं। आभूषण हाथ में लेने के बाद उसने उन्हें अपनी जेब में डाल लिया और नकली पिस्टल दिखाकर दुकानदार को धमकाते हुए भागने का प्रयास किया।दुकानदार के शोर मचाने पर आसपास के स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाई और अभियुक्त को मौके पर ही पकड़ लिया। सूचना मिलते ही थाना कोतवाली टाण्डा की पुलिस टीम ने अभियुक्त को काबू में लेकर आवश्यक कार्रवाई की।गिरफ्तार अभियुक्त मोहम्मद सलीम के पास से 11 सोने की अंगूठियां, एक सोने की चैन और एक नकली पिस्टल (गैस लाइटर) बरामद की गई। अभियुक्त को मुकदमा संख्या 72/2026 धारा 309(4)/317(2) बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर 17 मार्च 2026 को शाम 5:15 बजे न्यायालय में पेश किया गया।अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ पहले से थाना अलीगंज में मुकदमा संख्या 30/2017 धारा 380/411 आईपीसी और थाना आलापुर में मुकदमा संख्या 48/2026 धारा 204/318(4) बीएनएस दर्ज हैं।पुलिस अधीक्षक अम्बेडकरनगर के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत यह सफल कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), क्षेत्राधिकारी टाण्डा और प्रभारी निरीक्षक के मार्गदर्शन में उप निरीक्षक शिव बक्श सिंह के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। टीम में हेड कांस्टेबल संदीप कुमार, विनय कुमार मिश्रा और कांस्टेबल पिन्टू कुमार शामिल थे।पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहयोग की सराहना की है और कहा है कि ऐसी घटनाओं में त्वरित सूचना और सहयोग से अपराधियों को पकड़ना आसान हो जाता है।