देवल, ब्यूरो चीफ,म्योरपुर, सोनभद्र। विकास खंड म्योरपुर के ग्राम पंचायत रनटोला स्थित मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर यात्री शेड के पास रेलवे स्टेशन जाने वाले रास्ते पर लगी सोलर स्ट्रीट लाइट पिछले चार वर्षों से खराब पड़ी है। मरम्मत के अभाव में यह लाइट अब केवल शो-पीस बनकर रह गई है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में लोग रेलवे स्टेशन आते-जाते हैं, लेकिन अंधेरा होने के बाद यहां आवागमन करना जोखिम भरा हो जाता है। विशेषकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पूर्व में इस समस्या को लेकर तत्कालीन खंड विकास अधिकारी लालजी शुक्ला को लिखित शिकायत भी दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। बाद में उनका स्थानांतरण हो गया और मामला ठंडे बस्ते में चला गया। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में इन दिनों सांप और बिच्छू जैसे विषैले जीव-जंतुओं के निकलने की घटनाएं बढ़ रही हैं। ऐसे में अंधेरे के कारण किसी भी अप्रिय घटना का खतरा बना रहता है, जिससे लोगों में भय का माहौल है। महंगाई और आर्थिक तंगी के बीच यदि किसी के साथ ऐसी घटना होती है तो इलाज का खर्च उठाना भी मुश्किल हो जाएगा, जिससे समस्या और गंभीर हो सकती है। इस संबंध में ग्रामीण आनंददेव, रामानंद, हीरालाल, भारती, मानिकचंद, छोटू, गोविंद यादव, सूरज खरवार, सीताराम, प्रमिला देवी, पुष्पा देवी, राजकुमारी, पंकज, अरविंद, प्रेमप्रकाश, दीपक, अर्जुन, अंतलाल, छोटेलाल सहित अन्य लोगों ने संबंधित अधिकारियों से जल्द से जल्द सोलर स्ट्रीट लाइट की मरम्मत कराने की मांग की है। वहीं, ग्राम पंचायत अधिकारी और एडीओ पंचायत से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
.jpeg)