कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।महरुआ थाना क्षेत्र के तरसावां गेट के पास एक अधिवक्ता पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हमले में अधिवक्ता के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि उनकी चार पहिया गाड़ी को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित अधिवक्ता प्रभात मिश्रा, जो भीटी थाना क्षेत्र के समांथा गांव के निवासी हैं और दीवानी न्यायालय में वकालत करते हैं, आज शाम करीब 3 बजे अपने घर से अकबरपुर जा रहे थे। इसी दौरान पहले से रेकी कर रहे आरोपियों ने तरसावां गेट के पास उन्हें घेर लिया।
आरोप है कि हमलावरों ने अधिवक्ता को गाड़ी से जबरन बाहर निकालकर बेरहमी से मारपीट की, जिससे उनके सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उन्हें काले रंग की स्कॉर्पियो में डालकर अपहरण करने का भी प्रयास किया। हालांकि, मौके से गुजर रहे एक ग्रामीण के हस्तक्षेप के बाद आरोपी अधिवक्ता को छोड़कर फरार हो गए।
घटना के दौरान हमलावरों ने अधिवक्ता की कार में जमकर तोड़फोड़ की और गाड़ी की चाबी लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि पीड़ित द्वारा पहले भी आरोपियों के खिलाफ कई बार शिकायती पत्र दिया गया था, लेकिन महरुआ पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में आपराधिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ता जा रहा है और पुलिस इन पर लगाम लगाने में नाकाम साबित हो रही है।
फिलहाल घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।