आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जिले के बदलापुर कोतवाली क्षेत्र में किन्नरों के दो गुटों के बीच जजमानी क्षेत्र के बंटवारे को लेकर चल रहा विवाद अब थाने तक पहुंच गया है। बीते दिनों हुए आपसी विवाद के बाद एक पक्ष के किन्नरों ने कोतवाली पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक को प्रार्थना पत्र और हलफनामा सौंपते हुए अपने पारंपरिक जजमानी क्षेत्र की सुरक्षा की मांग की है।
बताया जा रहा है कि बड़ी संख्या में पहुंचे किन्नरों के समूह में मुख्य रूप से माधुरी किन्नर, शांति किन्नर, राधा किन्नर, महेंद्र किन्नर और रमेश किन्नर समेत अन्य लोग शामिल रहे। इन लोगों ने पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि दूसरे गुट के किन्नर उनके पारंपरिक जजमानी क्षेत्रों में हस्तक्षेप कर रहे हैं, जिससे विवाद की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
किन्नरों का कहना है कि वे लंबे समय से अपने निर्धारित क्षेत्रों में नेग लेने और बधाई देने का कार्य करते आ रहे हैं। उनके अनुसार पूर्व दिशा में बक्सा संवसा तक, पश्चिम में सिंगरामऊ होते हुए प्रतापगढ़ बॉर्डर तक, दक्षिण में सुजानगंज सई नदी के बरईपार क्षेत्र तक तथा उत्तर दिशा में पिलकीछा गांव के पास पीली नदी तक उनका जजमानी क्षेत्र रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि हालिया विवाद को भुलाकर वे पहले की तरह अपने-अपने क्षेत्रों में ही कार्य करना चाहते हैं, ताकि शांति और आपसी सौहार्द बना रहे। उनकी मांग है कि किसी भी गुट द्वारा दूसरे के क्षेत्र में दखलंदाजी न की जाए और पारंपरिक व्यवस्था को बनाए रखा जाए।
वहीं, मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने दोनों पक्षों को आपसी समझदारी और सहयोग से विवाद सुलझाने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि यह समाज के अंदर का विषय है, इसलिए पहले आपस में बातचीत कर समाधान निकालें और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखें।
फिलहाल पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।