आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। आध्यात्मिकता, प्रेम और मानवता के मूल्यों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित निरंकारी समागम का आयोजन अत्यंत भव्य और प्रेरणादायक वातावरण में सम्पन्न हुआ। पूरे समागम स्थल को एक आदर्श नगरी के रूप में विकसित किया गया था, जहाँ स्वच्छता, अनुशासन और आध्यात्मिक प्रेम का अद्भुत संगम देखने को मिला। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालु एक परिवार की तरह आपसी प्रेम, एकता, शांति और सद्भावना के साथ एकत्रित हुए।
समागम से पूर्व निरंकारी यूथ फोरम (एन.वाई.एफ.) द्वारा विभिन्न खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सुंदर आयोजन किया गया। युवाओं ने क्रिकेट, बैडमिंटन, वॉलीबॉल और फुटबॉल जैसे खेलों में उत्साहपूर्वक भाग लेकर टीम भावना, अनुशासन और सहयोग जैसे जीवनोपयोगी मूल्यों को आत्मसात किया। वहीं निरंकारी यूथ सिम्पोजियम (एन.वाई.एस.) के माध्यम से युवाओं को आध्यात्मिक विषयों पर अपने विचार व्यक्त करने और चिंतन करने का मंच भी प्रदान किया गया।
समागम के दौरान “छः तत्व (Six Elements)” विषय पर आधारित स्किट, गीत और पैनल चर्चा ने श्रद्धालुओं को गहराई से प्रभावित किया। प्रस्तुतियों के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि आध्यात्मिकता केवल एक विचार या दर्शन नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक सार्थक और सकारात्मक शैली है। गीत, प्रवचन, कविताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए श्रद्धालुओं ने अपने भक्ति भाव को व्यक्त करते हुए सेवा, प्रेम और मानवीय मूल्यों का संदेश जन-जन तक पहुँचाया।
अपने पावन आशीर्वचनों में सतगुरु माता जी ने कहा कि परमात्मा हमारे जीवन में विचारों, भावनाओं और रचनात्मक कार्यों के माध्यम से प्रकट होता है। यह जीवन केवल स्वयं के लिए नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए एक सुंदर बलिदान बनने का अवसर है। उन्होंने मानव जीवन का वास्तविक उद्देश्य प्रेम, दया, करुणा, विनम्रता और सहनशीलता जैसे गुणों को अपनाना बताया।
तितली के उदाहरण से उन्होंने समझाया कि जैसे तितली परिवर्तन के बाद और भी सुंदर बनती है, उसी प्रकार मनुष्य को भी अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाकर उसे श्रेष्ठ बनाना चाहिए। उन्होंने प्रेरित किया कि मनुष्य को बिच्छू की तरह दूसरों को कष्ट देने वाला नहीं, बल्कि भलाई और नेकी करने वाला बनना चाहिए। हमारे कर्म दिखावे से रहित, सच्चाई और मानवता से परिपूर्ण होने चाहिए।
माता जी ने यह भी कहा कि सच्ची भक्ति और सत्संग से मन की पीड़ा दूर होती है तथा आत्मा को वास्तविक शांति मिलती है। जब मनुष्य निराकार को जीवन में प्राथमिकता देता है, तब वह जीते-जी मुक्ति का अनुभव करता है। सेवा, सुमिरन और सत्संग को जीवन का आधार बताते हुए उन्होंने सभी को समर्पण भाव से जीवन जीने की प्रेरणा दी।
समागम का समापन श्रद्धालुओं के हृदय में सत्य, एकता और मानवता के मार्ग पर दृढ़ता से आगे बढ़ने के संकल्प के साथ हुआ। इस दिव्य आयोजन ने सभी के जीवन में नई ऊर्जा, सकारात्मक सोच और आध्यात्मिक जागरूकता का संचार किया।
अंत में निरंकारी मिशन की ओर से प्रशासन एवं विभिन्न विभागों का इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में दिए गए सहयोग के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया गया।