आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के चकमहान सिहापुर गांव में बीती रात एक नवविवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सेजल यादव (लगभग 23 वर्ष) पत्नी सचिन यादव ने मंगलवार देर रात करीब 11 बजे अपने कमरे में पंखे के सहारे दुपट्टे से फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और स्थानीय पुलिस को जानकारी दी गई।
बताया जा रहा है कि सेजल यादव की शादी लगभग 8 महीने पहले लाइन बाजार थाना क्षेत्र के ही चकमहान सिहापुर निवासी सचिन यादव से हुई थी। घटना के समय उसका पति रोज़गार के सिलसिले में करीब एक महीने से मुंबई में रह रहा था।
मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही सेजल को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि उसकी सास और ननद आए दिन उससे झगड़ा करती थीं और कई बार मारपीट भी की जाती थी।
मायके वालों ने यह भी बताया कि पिछले कुछ दिनों से सेजल की तबीयत ठीक नहीं चल रही थी, जिसके कारण वह मानसिक रूप से भी परेशान रहती थी। उनका आरोप है कि ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से तंग आकर ही उसने यह कदम उठाया।
गौरतलब है कि मृतका का मायका बक्शा थाना क्षेत्र के कोहड़े सुल्तानपुर गांव में है। घटना की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए और न्याय की मांग करने लगे।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।