देवल संवाददाता, आजमगढ़। जनपद में साइबर ठगी और गलत ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के मामलों में पुलिस की तत्परता से दो पीड़ितों को कुल ₹37,000 की धनराशि वापस दिलाई गई। इस कार्रवाई से आमजन में साइबर सुरक्षा को लेकर भरोसा और मजबूत हुआ है।
गलत UPI ट्रांजैक्शन के 25 हजार रुपये वापस
थाना रौनापार क्षेत्र के निवासी अजय कुमार यादव ने अपने मित्र को ₹25,000 ऑनलाइन भेजते समय गलती से गलत UPI नंबर दर्ज कर दिया, जिससे रकम किसी अन्य व्यक्ति के खाते में चली गई।
उन्होंने तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही साइबर टीम आजमगढ़ ने तेजी से कार्रवाई करते हुए संबंधित SBI खाते में धनराशि होल्ड कराई। बाद में विधिक प्रक्रिया पूरी कर न्यायालय के आदेश पर 18 मार्च 2026 को पूरी रकम सुरक्षित वापस करा दी गई।
फेसबुक के जरिए ठगी गई महिला के 12 हजार रुपये लौटे
वहीं थाना सिधारी क्षेत्र की मीरा देवी को फेसबुक पर एक अज्ञात व्यक्ति ने बहन का रिश्ता जोड़कर पारिवारिक मजबूरी बताकर ₹12,000 की ठगी कर ली।
पीड़िता द्वारा 1930 पर शिकायत करने के बाद थाना सिधारी की साइबर टीम और साइबर सेल आजमगढ़ ने संयुक्त रूप से त्वरित तकनीकी कार्रवाई की। प्रयासों के परिणामस्वरूप पूरी धनराशि वापस उनके खाते में पहुंचा दी गई।
पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति को अपनी निजी जानकारी, बैंक डिटेल या OTP साझा न करें। किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930, वेबसाइट cybercrime.gov.in या नजदीकी पुलिस स्टेशन के साइबर हेल्प डेस्क पर संपर्क करें।
पुलिस टीम
साइबर टीम, थाना रौनापार
उ0नि0 विधनेश वर्मा
उ0नि0 नितीश सिंह
म0का0 रीना यादव
आजमगढ़ पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से पीड़ितों को राहत मिलने के साथ ही साइबर अपराधियों पर भी प्रभावी अंकुश लगने का संदेश गया है।