देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के महामना मदन मोहन मालवीय सभागार में जनगणना 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य हेतु चयनित फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण कार्यक्रम निरंतर जारी है। प्रशिक्षण के दूसरे दिन प्रतिभागियों को डिजिटल जनगणना से जुड़े तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
जिला सूचना विज्ञान अधिकारी निजामुद्दीन अंसारी, प्रियासा सिंह, मास्टर ट्रेनर डॉ. के.एन. उपाध्याय एवं सौरभ सिंह द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों ने एचएलओ मोबाइल ऐप की इंस्टॉलेशन प्रक्रिया, ऐप को प्रारंभ करने की विधि तथा उसके चरणबद्ध उपयोग के बारे में विस्तार से बताया। प्रशिक्षण सत्र में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना से संबंधित कुल 34 महत्वपूर्ण प्रश्नों पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया। प्रतिभागियों को प्रत्येक प्रश्न की बारीकियों को समझाते हुए सही एवं सटीक डेटा संकलन की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। द्वितीय दिवस के प्रशिक्षण में प्रशिक्षुओं को डिजिटल प्रणाली के माध्यम से जनगणना कार्य को अधिक सुगम, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक तकनीकी दक्षता प्रदान की गई। साथ ही, प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आगामी जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
.jpeg)