देवल संवाददाता, आजमगढ़। शिकायतों के निस्तारण में शत प्रतिशत असंतुष्ट फीडबैक प्राप्त होने पर जिलाधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारी तरवां का स्पष्टीकरण लेने एवं वेतन रोकने का निर्देश दिया, जबकि अधिक असंतुष्ट फीडबैक मिलने पर जिला गन्ना अधिकारी को भी कड़ी फटकार लगाई।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) पर प्राप्त विभिन्न विभागों की शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी निर्धारित समय से कार्यालय में उपस्थित होकर जनसुनवाई करें। इसकी जांच भी कराई जाएगी और कार्यालय से अनुपस्थित पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिन ग्रामों में सर्वाधिक शिकायतें अथवा असंतुष्ट फीडबैक प्राप्त हो रहे हैं, वहां संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर जाएं, शिकायतकर्ता से संवाद स्थापित करें और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि दोबारा असंतुष्ट फीडबैक न मिले।
भूमि से संबंधित एवं बार-बार आने वाली शिकायतों को गंभीरता से लेने के निर्देश देते हुए अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) को निर्देशित किया गया कि अधिक शिकायत वाले ग्रामों में अवैध कब्जे के मामलों में उपजिलाधिकारी स्वयं अथवा तहसीलदार को मौके पर भेजें, अवैध कब्जा हटवाएं तथा कब्जाधारियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि आईजीआरएस पोर्टल पर कोई भी प्रकरण डिफाल्टर श्रेणी में नहीं जाना चाहिए और सभी शिकायतों का निर्धारित अवधि में गुणवत्तायुक्त निस्तारण अनिवार्य रूप से किया जाए।
आरईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों में यदि किसी संदर्भ में स्पेशल क्लोज करना हो तो संबंधित पटल सहायकों को विधिवत अवगत कराने के निर्देश भी दिए गए।
समीक्षा के दौरान आईजीआरएस पोर्टल पर शत-प्रतिशत असंतुष्ट फीडबैक एवं मंडलायुक्त द्वारा ‘सी’ श्रेणी प्राप्त होने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। खंड विकास अधिकारी तरवां से स्पष्टीकरण प्राप्त करते हुए वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। साथ ही जिला गन्ना अधिकारी को भी अधिक असंतुष्ट फीडबैक मिलने पर कड़ी चेतावनी दी गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) गम्भीर सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, डीसी मनरेगा राम उदरेज यादव सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।