देवल, ब्यूरो चीफ,शक्तिनगर, सोनभद्र। शक्तिनगर एनटीपीसी सिंगरौली के नैगम सामाजिक दायित्व (सीएसआर) विभाग द्वारा 30 जनवरी से 1 फरवरी तक स्थानीय जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता का समापन हो गया। प्रतियोगिता के तीसरे एवं अंतिम दिन एनटीपीसी सिंगरौली क्षेत्र के आसपास के इलाकों से आए युवा खिलाड़ियों ने अत्यंत उत्साह एवं खेल भावना का परिचय देते हुए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस तीन दिवसीय ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिता के अंतर्गत क्रिकेट, कबड्डी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, 100 मीटर एवं 200 मीटर (बालक एवं बालिका वर्ग), रिले रेस, रस्सा कस्सी, लॉन्ग जंप एवं हाई जंप सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में एनटीपीसी सिंगरौली के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से लगभग 1500 से अधिक युवा खिलाड़ियों ने जोश एवं उत्साह के साथ सहभागिता की। समापन दिवस पर
द्वितीय दिवस में संपन्न सेमीफाइनल मुकाबलों में विजयी टीमों के मध्य फाइनल मुकाबले आयोजित किए गए, जिनमें खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। विभिन्न खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन के बाद वॉलीबॉल प्रतियोगिता में चंदुआर टीम ने विजेता तथा रानी बाड़ी टीम ने उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। क्रिकेट प्रतियोगिता में शक्तिनगर 11 टीम विजेता रही, जबकि 9 स्टार्स टीम उपविजेता रही। कबड्डी प्रतियोगिता में शक्तिनगर टीम ने प्रथम स्थान तथा कोहरौल टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। फुटबॉल प्रतियोगिता में 11 स्ट्राइकर्स (शक्तिनगर) टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि जयंत टीम उपविजेता रही। रस्साकस्सी प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में शक्तिनगर के मगरमच्छ टीम विजेता तथा चिलकटांड बस्ती टीम उपविजेता रही, वहीं महिला वर्ग में बलिया नाला टीम ने विजेता एवं दियापहाड़ी टीम ने उपविजेता स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में एनटीपीसी सिंगरौली के परियोजना प्रमुख संदीप नायक, रश्मि रंजन मोहंती, महाप्रबंधक (प्रोजेक्ट), सिद्धार्थ मण्डल, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन), चिलकाटांड ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधान हीरालाल, नरेश कुमार, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन), डॉ ओम प्रकाश, उप महाप्रबंधक (मा०सं०- राजभाषा) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
