देवल, ब्यूरो चीफ,शक्तिनगर, सोनभद्र। एनटीपीसी सिंगरौली के कर्मचारी विकास केन्द्र में संभागीय नाट्य समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि संदीप नायक परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक एनटीपीसी सिंगरौली ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि यह नाट्य प्रस्तुति प्रेम, संवेदना और सामाजिक यथार्थ की सशक्त अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहते, बल्कि समाज को आत्मचिंतन और मानवीय मूल्यों की ओर उन्मुख करते हैं। इस अवसर पर प्रज्ञा नायक अध्यक्षा वनिता समाज, कमांडेंट सीआईएसएफ, विभिन्न विभाग प्रमुख, संगीत नाटक अकादमी के कार्यक्रम प्रभारी प्रशांत, कार्यक्रम ऑब्जर्वर दिनेश श्रीवास्तव, वनिता समाज की वरिष्ठ सदस्याएं, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधिगण, प्राचार्यगण एवं बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।
नाटक में कलाकारों ने अपने सजीव अभिनय, भावपूर्ण संवाद एवं प्रभावी मंच-सज्जा के माध्यम से प्रत्येक पात्र को जीवंत कर दिया। मंच पर प्रस्तुत हर दृश्य ने दर्शकों के मन
को स्पर्श किया और सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। दर्शकों ने प्रस्तुति की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। मुख्य अतिथि ने समर्पित साहित्यिक सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्था, प्रयागराज की विशेष सराहना करते हुए कहा कि संस्था निरंतर ऐसे रचनात्मक और सामाजिक सरोकारों से जुड़े नाट्य प्रयासों के माध्यम से समाज में सकारात्मक चेतना का संचार कर रही है। उन्होंने उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी लखनऊ, आयोजक मंडल, निर्देशक, रूपांतरकार, कलाकारों एवं तकनीकी टीम को सफल आयोजन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। यह नाट्य प्रस्तुति संभागीय नाट्य समारोह को गरिमा प्रदान करने के साथ ही दर्शकों के लिए एक सार्थक, विचारोत्तेजक और स्मरणीय सांस्कृतिक अनुभव सिद्ध हुई।
.jpeg)