देवल संवाददाता, मऊ। अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह की अध्यक्षता में पीएम सूर्य घर मुक्त बिजली योजना की प्रगति को लेकर बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई।बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी ने बताया कि
भारत सरकार ने ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम उठाते हुए 'पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की शुरुआत की है। इस योजना के माध्यम से लोगों को उनके घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने के लिए भारी सब्सिडी प्रदान की जा रही है।
इस योजना की मुख्य विशेषताएं यह है कि मुफ्त बिजली वाले परिवार को हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली प्राप्त होगी।इसके अलावा आर्थिक बचत बिजली बिलों में कमी के साथ-साथ अतिरिक्त बिजली को ग्रिड को बेचकर कमाई का अवसर भी है।
सब्सिडी के संबंध में बताया कि 2 किलोवाट तक के सिस्टम के लिए लागत का 60% और 3 किलोवाट तक के लिए अतिरिक्त लागत का 40% सब्सिडी के रूप में दिया जाएगा।उन्होंने बताया कि इस योजना के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण कार्बन उत्सर्जन को कम करने और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने में योगदान साबित हो रहा है।उन्होंने कहा कि जनपद के बड़े होटलों एवं रेस्टोरेंटों,मेडिकल हॉल,पेट्रोल पंप, लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत बड़े ठेकेदारों,आबकारी के लाइसेंस धारक दुकानदारों एवं ईट भट्टों के संचालकों द्वारा अनिवार्य रूप से सोलर लगवाएं जाने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी जो जनपद के निवासी हैं वह अवश्य अपने घरों पर सोलर लगवाएं और इसके लाभों से बारे में अन्य लोगों को भी प्रेरित करें, जिससे अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठा सके।
आवेदन से संबंध में परियोजना अधिकारी डूडा अरविंद पाण्डेय ने बताया कि इच्छुक नागरिक आधिकारिक पोर्टल pmsuryaghar.gov.in पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं। आवेदन के लिए आधार कार्ड,बिजली का बिल और छत के स्वामित्व का प्रमाण आवश्यक है।बैठक के दौरान वरिष्ठ कोषाधिकारी संजय कुमार गुप्ता,जिला प्रोवेशन अधिकारी डॉक्टर श्वेता त्रिपाठी,जिला कृषि अधिकारी सोम प्रकाश गुप्ता,जिला उद्यान अधिकारी संदीप कुमार गुप्ता सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।