देवल संवाददाता, आजमगढ़। जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर जानलेवा हमला करने वाले दो वांछित अभियुक्तों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त बांस की लाठी भी बरामद की गई है।
थाना मुबारकपुर, जनपद आजमगढ़ में गुरुवार को वादिनी उर्मिला देवी पत्नी उरेम चन्द्र यादव निवासी ग्राम सलारपुर ने लिखित प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनका पुत्र राहुल सुबह करीब 10 बजे खेत पर गया था। उसी दौरान गांव के ही धर्मेन्द्र यादव और विजय प्रताप यादव पुत्रगण रामनाथ यादव ने पुरानी रंजिश के चलते उसे घेरकर लाठी-डंडे से सिर व शरीर पर प्रहार किया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना मुबारकपुर में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान धारा 115(2) बीएनएस की बढ़ोतरी भी की गई।
शुक्रवार को उपनिरीक्षक सतीश कुमार मय हमराह क्षेत्र में वांछित अभियुक्तों की तलाश में थे। मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त धर्मेन्द्र यादव को सलारपुर से चिवटही मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बांस की लाठी बरामद हुई।
इसके बाद दूसरी सूचना पर पुलिस ने सलारपुर चौराहे स्थित विजयी की गुमटी के पास से अभियुक्त विजय प्रताप यादव को गिरफ्तार कर लिया।