देवल संवाददाता, आजमगढ़। सोमवार को जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलों का आकस्मिक निरीक्षण करते हुए अभिलेखों के रख-रखाव, वरासत के लंबित मामलों और साफ-सफाई व्यवस्था पर सख्त रुख अपनाया। लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारियों को चेतावनी जारी करने, लंबित प्रकरणों में तत्काल कार्रवाई करने तथा मास्टर रजिस्टर अनिवार्य रूप से तैयार करने के कड़े निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने सोमवार को कलेक्ट्रेट आजमगढ़ के विभिन्न पटलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अभिलेखागार, शस्त्रागार एवं नजारत शाखा की कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की गई।
अभिलेखागार के निरीक्षण में जिलाधिकारी ने पुराने बस्तों को बदलकर नए करने, अभिलेखों को सुव्यवस्थित ढंग से सुरक्षित रखने तथा नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का आदेश संबंधित पटल सहायकों को दिया।
शस्त्रागार में वरासत रजिस्टर का अवलोकन करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन प्रकरणों में रिपोर्ट अप्राप्त है, उन्हें तत्काल लिखित रिमाइंडर भेजा जाए और संबंधित पक्षों को फोन से भी सूचित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में पुलिस की आख्या प्राप्त हो चुकी है, उनमें तहसील से भी आख्या मंगाई जाए ताकि प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण हो सके।
निरीक्षण में यह भी पाया गया कि कुछ मामलों में पुलिस एवं तहसील से आख्या प्राप्त होने के बावजूद पत्रावली लंबित है। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए मुख्य राजस्व अधिकारी को संबंधित शस्त्र लिपिक के खिलाफ चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही पत्रावलियों के समुचित रख-रखाव और समयबद्ध निस्तारण के आदेश दिए।
नजारत शाखा के निरीक्षण के दौरान प्रत्येक कार्यालय में मास्टर रजिस्टर एवं उप रजिस्टर तैयार करने का निर्देश दिया गया, ताकि पत्रावलियों की खोज और निगरानी में सुविधा हो सके।
कलेक्ट्रेट परिसर में कुछ स्थानों पर गंदगी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और नाजिर कलेक्ट्रेट को नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी श्री संजीव ओझा, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) श्री गम्भीर सिंह एवं उप जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।