देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। सदर कोतवाली अंतर्गत लोढ़ी टोल प्लाजा पर गत रविवार को महिला अधिवक्ता और उनके परिजनों के साथ हुई मारपीट की घटना के विरोध में सोमवार को सैकड़ों अधिवक्ता सड़कों पर उतर आए। अधिवक्ताओं के विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर नगर का स्वर्ण जयंती चौक पूरे दिन पुलिस छावनी में तब्दील रहा। इस दौरान अधिवक्ताओं ने टोल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
पुलिस अधीक्षक ने स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए कई थानों की फोर्स और पीएसी बल तैनात किया। सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने अधिवक्ताओं को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। अधिवक्ताओं ने दो टूक शब्दों में कहा कि यह लड़ाई पुलिस से नहीं, बल्कि टोल की दबंगई और गुंडागर्दी के खिलाफ है। अधिवक्ताओं ने बताया कि रविवार को महिला अधिवक्ता के साथ टोल कर्मियों ने अभद्रता की और मारपीट भी की, जिसमें कई अधिवक्ता घायल हुए। अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि घटना को गंभीरता से लेते हुए दो टोल कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। अधिवक्ताओं ने साफ चेतावनी दी है कि अगर न्याय नहीं मिला, तो यह आंदोलन सड़क से सदन तक गूंजेगा। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ महिला अधिवक्ता के साथ हुई मारपीट की नहीं है, बल्कि यह लड़ाई न्याय और कानून की है। वहीं, इस पूरे मामले पर अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिवक्ताओं को आश्वासन दिया कि न्याय किया जाएगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
