आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। Sw. Malti Singh Mahavidyalaya, अंबरपुर बेलवा मड़ियाहू के अंतर्गत चल रहे सात दिवसीय विशेष शिविर के पाँचवें दिन विद्यार्थियों ने सामाजिक जागरूकता का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया। दोनों इकाइयों के समस्त छात्र-छात्राओं ने गद्दोपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय पहुंचकर बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया।
कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को खेल-खेल के माध्यम से पढ़ाई के महत्व को समझाया। रोचक गतिविधियों, प्रश्नोत्तरी, समूह खेल और शैक्षिक गीतों के जरिए बच्चों में पढ़ने के प्रति रुचि उत्पन्न की गई। विद्यार्थियों ने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
सामाजिक सरोकारों से जुड़ा रहा शिविर
सात दिवसीय विशेष शिविर के अंतर्गत विभिन्न सामाजिक विषयों को शामिल किया गया है। इनमें मतदाता जागरूकता अभियान, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, सर्वशिक्षा अभियान रैली तथा ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम प्रमुख रहे। स्वयंसेवकों ने गांव-गांव जाकर लोगों को मतदान के महत्व, पर्यावरण संरक्षण और बालिका शिक्षा के प्रति जागरूक किया।
शिविर के माध्यम से छात्र-छात्राओं में सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व और नेतृत्व क्षमता का विकास भी किया जा रहा है। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं कार्यक्रम अधिकारियों का मार्गदर्शन निरंतर मिल रहा है।
महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि इस प्रकार के शिविरों का उद्देश्य केवल शैक्षिक विकास नहीं, बल्कि समाज के प्रति युवाओं में जिम्मेदारी और संवेदनशीलता की भावना जागृत करना भी है। विद्यार्थियों के उत्साह और सक्रिय भागीदारी से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है।