कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।किशोरी बालिकाओं के शिक्षा स्वास्थ्य सुरक्षा सम्मान व मानवाधिकारों पर हकदारी को लेकर एक दिवसीय एक्स्पोज़र का आयोजन किया गया। जिसमें कुल 21 किशोरी बालिकाओं सहित सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रतिभागिता किया।
किशोरी बालिका सशक्तिकरण कार्यक्रम अम्बेडकरनगर के तत्वावधान में जन विकास केन्द्र भितरीडीह द्वारा विकासखंड अकबरपुर के ताराखुर्द व चंदनपुर न्याय पंचायत के ग्राम पंचायत हरखपुर कौड़हा, नसीरपुर कैथी, आलमपुर अखई, व इस्माइलपुरगंज से कुल 21 किशोरी बालिकाओं व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने नारी चेतना फाउंडेशन जौनपुर के कार्यालय व कार्यक्षेत्र का भ्रमण किया। दोनो जनपद के स्वैच्छिक संगठनों के किशोरी बालिकाओं ने सुजानगंज विकास खण्ड के शिवम सार्वजनिक इंटरकालेज बेलवार में संयुक्त बैठक का आयोजन कर अपने संघर्ष चुनौती व उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण किया एवं शिक्षा स्वास्थ्य रोजगार सुरक्षा व मानवाधिकारों की बहाली में अब तक के किए गए कार्यों व प्रयासों से मिले अनुभवों का आदान-प्रदान किया।
एक्स्पोज़र कार्यक्रम को संबोधित करती हुई नारी चेतना फाउंडेशन की निदेशक मुन्नीबेगम ने कहा कि यह मिलन दोनों जनपदों के किशोरियों के विकास व सशक्तिकरण के लिए मील का पत्थर साबित होगा। जन विकास केन्द्र की सचिव गायत्री ने कहा कि यह एक्स्पोज़र दोनों जिलों के किशोरी बालिकाओं के विकास एवं परिवर्तन के अभिनवी एवं साझा प्रयास की नई इबारत लिखेगा।
जन विकास केन्द्र के संयोजक मनोज कुमार ने बताया कि एक्सपोजर विजिट अनुभव आधारित भ्रमण एक अत्यंत महत्वपूर्ण प्रशिक्षण पद्धति है क्योंकि यह विभिन्न परिवेशों से आए प्रतिभागियों को एक-दूसरे के साथ संवाद करने और सीखने में सक्षम बनाती है, जिससे उन्हें सतत प्रथाओं के सफल एकीकरण की व्यावहारिक/वास्तविक जीवन स्थितियों को देखने का अवसर मिलता है।
एक्स्पोज़र कार्यक्रम में दोनों जिलों की किशोरियों ने गीत खेल चर्चा सामूहिक अभ्यास एवं प्रदर्शन के द्वारा किशोरी बालिकाओं की शिक्षा स्वास्थ्य सुरक्षा सम्मान विकास सरकारी योजनाओं पर पकड़ बनाने एवं मानवाधिकारों की बहाली की आवश्यकता के साथ किशोरी बालिकाओं में नेतृत्व विकसित करने एवं महिला समानता पर आधारित शोषण मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया।
एक्स्पोज़र कार्यक्रम को सफल बनाने में मोहम्मद शेराज शकीना पूजा पांडेय छोटेलाल निरकला प्रीति राकेश वंदना संजू अब्दुल रहमान उर्फ़ चन्टू आदि ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।