देवल, ब्यूरो चीफ,दुद्धी, सोनभद्र। महाशिवरात्रि पर्व पर दुद्धी कस्बे के शिवालयों से शिव बारात निकाली गई। इस दौरान भगवान शंकर की निकाली गई शोभा यात्रा आकर्षक का केन्द्र रही। बारातियों में भूत, पिचास, नर नारी सभी झूमते नाचते हुए 2 किमी का पैदल दूरी तय कर मल्देवा गांव के कैलाश कुंज द्वार पहुंचे। यहां बारातियों का स्वागत उपरान्त भगवान शिव-माता पार्वती का विवाह संपन्न हुआ। भगवान शिव को मां पार्वती के द्वारा जयमाला पहनाते ही समूचा मंदिर मेला क्षेत्र हर हर महादेव के उद्घोष के साथ गूंज उठा। उधर बीडर गांव से भी इस बार बैलगाड़ी पर भगवान भोले शंकर की बारात निकली, जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु नाचते गाते गांव के लौवा नदी किनारे स्थित हिरेश्वर मंदिर पहुंचे। जहां भगवान शिव संग बारातियों का जोरदार स्वागत किया गया। स्वागत उपरान्त भगवान शिव व माता पार्वती का विवाह संपन्न हुआ। विवाह उपरान्त बारातियों समेत श्रद्धालुओ ने भंडारे में प्रसाद प्रसाद ग्रहण किया। इसके बाद श्रद्धालु अपने घरों को वापस हुए। इससे पूर्व रविवार की सुबह से नगर के सभी शिवमंदिरों में श्रद्धालुओ ने विधिवत पूजन अर्चन कर मत्था टेका।
