आमिर, देवल ब्यूरो ,सरायख्वाजा जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बहाउद्दीनपुर गांव के समीप मंगलवार की शाम रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाराणसी–फैजाबाद रेल प्रखंड पर स्थित बहाउद्दीनपुर गांव के पास मंगलवार शाम करीब 6 बजे ग्रामीणों ने रेलवे ट्रैक पर एक महिला का शव पड़ा देखा। शव दिखाई देने के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल रेलवे पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर पहुंची जीआरपी टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जीआरपी प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि मृतका की उम्र लगभग 35 वर्ष के आसपास प्रतीत हो रही है। वह जामुनी रंग की साड़ी पहने हुए थी। फिलहाल महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन से कटने का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
रेलवे पुलिस आसपास के थानों से संपर्क कर महिला की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। साथ ही, घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है ताकि घटना के संबंध में कोई ठोस सुराग मिल सके।
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को महिला के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल रेलवे पुलिस को सूचित करें।