आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जिले में जहरखुरानी गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है। ताजा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहल्ला भंडारी निवासी दवा व्यापारी शोभा नाथ साहू (उम्र लगभग 60 वर्ष) से जुड़ा है, जिन्हें नशीला पदार्थ खिलाकर करीब साढ़े तीन लाख रुपये के जेवर और नकदी लूट ली गई। वारदात के बाद बदमाश उन्हें झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए।
ऐसे हुई वारदात
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शोभा नाथ साहू बुधवार सुबह अपने रिश्तेदारी मिर्जापुर जाने के लिए लाइन बाजार थाना क्षेत्र स्थित जेसीज चौराहे पर बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उनसे मिला और बातचीत करते हुए विश्वास में ले लिया। आरोपी ने स्वयं को भी मिर्जापुर जाने वाला बताकर उन्हें कार में बैठा लिया।
बताया जाता है कि कार जब मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के एक गांव के पास पहुंची, तभी रास्ते में उन्हें नशीला पदार्थ खिला दिया गया। कुछ ही देर में वे अचेत हो गए। इसका फायदा उठाकर बदमाशों ने उनके गले से लगभग 20 ग्राम की सोने की चेन, हाथों से 3 से 4 ग्राम तक की तीन सोने की अंगूठियां और जेब में रखे करीब ₹12,000 नकद लूट लिए।
झाड़ियों में फेंककर फरार
लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद गिरोह के सदस्य उन्हें ग्राम पंचायत श्रीगांव के पास झाड़ियों में फेंककर कार सहित फरार हो गए। कुछ समय बाद गांव के बच्चे खेलते हुए वहां पहुंचे और अचेत अवस्था में पड़े व्यक्ति को देखकर शोर मचाया। देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों में से किसी ने तत्काल मड़ियाहूं पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अचेत अवस्था में पड़े व्यापारी को झाड़ियों से बाहर निकालकर तलाशी ली। उनकी जेब से मिली डायरी के आधार पर परिजनों को सूचना दी गई।
जिला अस्पताल में उपचार जारी
परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, नशीला पदार्थ दिए जाने के कारण वे अचेत हो गए थे। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
कानून-व्यवस्था पर सवाल
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। राहगीरों और यात्रियों को निशाना बनाकर लूट की इस वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लूटी गई सोने की चेन और अंगूठियों की अनुमानित कीमत लगभग ₹3.5 लाख बताई जा रही है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जहरखुरानी गिरोह की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने पुलिस से मांग की है कि ऐसे गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।