आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। केंद्रीय नेतृत्व के आवाहन पर उत्तरी रेलवे मजदूर यूनियन जौनपुर शाखा द्वारा सरकार की श्रमिक विरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। शाखा मंत्री राकेश सिंह के नेतृत्व में यूनियन के सदस्यों ने काली पट्टी बांधकर अपना विरोध दर्ज कराया और सरकार से अपनी मांगों को तत्काल पूरा करने की अपील की।
विरोध प्रदर्शन के दौरान यूनियन के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने 26 श्रम कानूनों को समाप्त कर आईआर कोड सहित अन्य लेबर कोड लागू किए जाने पर नाराजगी जताई। साथ ही नई पेंशन योजना (NPS) और यूनिफाइड पेंशन स्कीम (UPS) को समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू करने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। कर्मचारियों का कहना था कि इन नीतियों से श्रमिकों के अधिकारों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है और उनकी सामाजिक सुरक्षा कमजोर हो रही है।
इसके अलावा, सरकार द्वारा सरकारी विभागों में बढ़ते निगमीकरण और निजीकरण के विरोध में भी कर्मचारियों ने आवाज बुलंद की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि निजीकरण की नीतियों से कर्मचारियों की नौकरी और भविष्य दोनों खतरे में पड़ रहे हैं, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इस मौके पर शाखा मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा लागू किए जा रहे ये "काले कानून" कर्मचारियों के हितों के खिलाफ हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने इन नीतियों को वापस नहीं लिया, तो यूनियन अपने शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर आगे और बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
प्रदर्शन के दौरान यूनियन के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे, जिन्होंने एकजुट होकर कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।