संतोष,देवल ब्यूरो,आजमगढ़। जिले के ईश्वरपुर पवनी गांव में नाली पर खंडजा निर्माण को लेकर विवाद ने तूल पकड़ लिया। गांव निवासी राम लौटन ने आरोप लगाया है कि उनके घर के सामने से गुजर रही नाली पर नगर पंचायत के सभासद अरुण कुमार द्वारा खंडजा लगवाया जा रहा था। इस दौरान उनका बरामदा और कुआं क्षतिग्रस्त किया जा रहा था।
पीड़ित राम लौटन का कहना है कि जब उन्होंने निर्माण कार्य का विरोध किया तो सभासद और उनके परिवार के लोगों ने ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। इस हमले में वे और उनके परिवार के सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
राम लौटन ने बताया कि उन्होंने घटना की लिखित तहरीर स्थानीय थाने पर दी, लेकिन पुलिस ने न तो मुकदमा दर्ज किया और न ही तहरीर लेने की कार्रवाई की। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, यदि समय रहते प्रशासन ने हस्तक्षेप नहीं किया तो मामला और बढ़ सकता है। वहीं इस संबंध में सभासद पक्ष का बयान प्राप्त नहीं हो सका है।
अब देखना यह है कि जिला प्रशासन इस मामले में क्या रुख अपनाता है और पीड़ित परिवार को न्याय मिल पाता है या नहीं।