संतोष,देवल ब्यूरो बूढ़नपुर ,आजमगढ़ के अतरौलिया थानाक्षेत्र के गंगापुर पानापार गांव में दबंगों के हौसले बुलंद हैं। आरोप है कि दिनदहाड़े दबंगों ने एक युवक के साथ मारपीट की और उससे दस हजार रुपये छीन लिए। इस मामले में पीड़ित ने स्थानीय थाने पर तहरीर दी है और कार्रवाई की मांग की है। थाने पर दी गई तहरीर के मुताबिक अतरौलिया क्षेत्र के जोगीपुर गांव के रहने वाले रोहित गौड़ पुत्र भोला गौड़ कैमरा व गाड़ी भाड़ा पर चलाने के लिए गंगापुर पानापार गांव में गया था। वहां से वह 25 फरवरी को अपने कैमरा व गाड़ी के भाड़ा का पैसा लेकर वापस आ रहा था तभी गांव के ही मनबढ़ किस्म के युवक जगदीप निषाद व तीन अज्ञात लोगों ने गाड़ी रोककर उसके साथ मारपीट की और उसके पास रखे दस हजार रुपये भी छीन लिए। वहीं पर मौजूद कुछ लोगों ने बीच बचाव किया। आरोपी मौके से फरार हो गए। इस मामले को लेकर रजनीश कुमार उर्फ कवि ने बताया कि मेरे घर पर वैवाहिक कार्यक्रम था जिसमें रोहित गौड़ कैमरा और अपनी गाड़ी लेकर आए थे। सुबह में वह मेरे यहाँ से अपने भाड़े का पैसा लिए और चले गए। इसके बाद हम लोगों को सूचना मिली कि उनके साथ किसी ने मारपीट करके पैसे छीन लिए हैं तो हम लोग मौके पर पहुंचे। वहीं इस मामले में गांव के ही रहने वाले राजबहादुर का कहना है कि उन्होंने अपनी आंखों के सामने देखा कि आरोपी जगदीप निषाद और कुछ अन्य लोग पीड़ित रोहित गौड़ के साथ मारपीट किये और उससे रुपए छीन लिए। उन्होंने कहा कि हम लोगों ने आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह मौके से फरार हो गए। पीड़ित रोहित गौड़ ने तत्काल घटना की सूचना डायल 112 पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई। पीड़ित ने इस संबंध में तत्काल स्थानीय थाने पर तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष अतरौलिया देवेंद्र नाथ दूबे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है उचित कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दिनदहाड़े हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में खौफ का माहौल है। लोग आरोपियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं।