टी20 विश्व कप 2026 में आज भारत-पाकिस्तान के बीच महामुकाबला होना है। कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में होने वाले इस मैच पर दोनों ही टीमों के फैंस समेत दुनियाभर की निगाहें टिकी हुई हैं। इस बीच भारतीय महिलाओं ने कमाल कर दिया है। एसीसी विमंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में भारतीय महिलाओं ने पाकिस्तान को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी है।
11वें ओवर में जीता मैच
पाकिस्तान ए महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। पहले बैटिंग करने उतरी पाकिस्तान टीम 93 रन पर ही ढेर हो गई। जवाब में भारतीय महिला ए टीम ने 10.1 ओवर में ही 2 विकेट खोकर मैच को जीत लिया। भारत की जीत की हीरो वृंदा दिनेश रहीं। उन्होंने नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली और भारतीय की जीत तय कर दी।
गेंदबाजों ने किया कमाल
भारतीय गेंदबाजों ने पाकिस्तान पर शुरू से ही शिकंजा कसा। ऐसे में पूरी टीम बिखर गई ओर नियमित अंतराल पर विकेट खोती चली गई। सलामी बल्लेबाज शवाल जुल्फिकार ने सबसे ज्यादा 23 रन की पारी खेली। उनके अलावा गुल रुख ने 21 और अनोशा नासिर ने 17 रन बनाए। इसके अलावा कोई भी पाकिस्तानी बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को भी नहीं छू पाई। भारत की ओर से साइमा ठाकोर, राधा यादव और प्रेमा रावत ने 2-2 विकेट चटकाए। जिंतिमानी कलिता और मीनू मणि ने 1-1 विकेट लिया।
भारत को मिली आसान जीत
94 रन चेज करने उतरी भारतीय महिला ए टीम की शुरुआत खराब रही। पहली ही गेंद पर वहीदा अख्तर ने भारतीय सलामी बल्लेबाज हुमैरा काजी को पवेलियन भेज दिया। इसके बाद अनुष्का शर्मा ने वृंदा दिनेश ने 50 गेंदों पर 79 रन जोड़े। 9वें ओवर में अनुष्का शर्मा कैच आउट हुईं। उन्होंने 4 चौकों की मदद से 26 गेंदों पर 24 रन बनाए। इसके बाद भारत का कोई विकेट नहीं गिरा। वृंदा दिनेश ने 29 गेंदों पर नाबाद 55 रन की पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 12 चौके लगाए। तेजल हसबनीस ने 5 गेंदों पर नाबाद 12 रन बनाए।