आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। लखनऊ में विधानसभा घेराव के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी जौनपुर के अध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में गुरुवार को महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और घटना की निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र पर हमला बताया।
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की अगुवाई में मनरेगा बहाली की मांग को लेकर सोमवार को शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किया जा रहा था, लेकिन पुलिस द्वारा लाठीचार्ज कर कार्यकर्ताओं की आवाज दबाने का प्रयास किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई प्रदेश की योगी सरकार की तानाशाही मानसिकता को दर्शाती है।
डॉ. सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए जन आंदोलनों को कुचलने का प्रयास कर रही है। उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा, बढ़ती बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मजदूरों के लिए सरकार के पास कोई ठोस योजना नहीं है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रस्तावित “जी राम जी योजना” गरीबों, मजदूरों और महिलाओं के हितों के खिलाफ है और इससे गांवों के विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आरिफ खान ने लाठीचार्ज की कार्रवाई को बर्बरतापूर्ण बताते हुए कहा कि तथाकथित डबल इंजन की सरकार अपने खिलाफ उठने वाली आवाज से घबरा गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ब्रिटिश हुकूमत की तरह आंदोलनों को दबाने के लिए लाठीचार्ज और गिरफ्तारियों का सहारा ले रही है, जो लोकतंत्र की भावना के विपरीत है।
उन्होंने कहा कि किसानों, मजदूरों और नौजवानों के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संघर्ष करता रहेगा और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाता रहेगा।
धरना-प्रदर्शन में प्रदेश सचिव सत्यबीर सिंह, जिला उपाध्यक्ष देवराज पांडेय, शेर बहादुर सिंह, विनय तिवारी, राकेश सिंह डब्बू, लाल प्रकाश पाल, अरुण शुक्ला, इरशाद खान, राष्ट्रीय छात्र संगठन शहर अध्यक्ष अमन सिंहा, शाहनवाज मंजूर, वरुणा शंकर चतुर्वेदी, अनिल सोनकर, अरविंद यादव, राजीव निषाद, प्रवेश निषाद, आजम जैदी, इकबाल अहमद, ताहिर अली, अमित यादव, तौफीक अहमद, रोहित सोनकर, सलमान, अशरफ अली, रोहित पांडेय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
धरने के दौरान कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखीं और मनरेगा मजदूरों के अधिकार बहाल करने की मांग दोहराई।