आमिर, देवल ब्यूरो ,जलालपुर, जौनपुर।जलालपुर थाना क्षेत्र स्थित त्रिलोचन महादेव मंदिर के समीप कंपोजिट विद्यालय रेहटी परिसर में गुरुवार सुबह एक युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए।
बताया जाता है कि गुरुवार सुबह जब कुछ युवक स्कूल के मैदान में दौड़ने के लिए पहुंचे, तभी उनकी नजर मैदान में पड़े एक शव पर पड़ी। यह दृश्य देखकर वे घबरा गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जलालपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की।
मृतक की पहचान रेहटी गांव निवासी अखिलेश राजभर (लगभग 22 वर्ष) के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार अखिलेश बुधवार दोपहर करीब 3 बजे घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजन उसकी तलाश में लगे थे, तभी गुरुवार सुबह उसके शव मिलने की खबर आई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
थाना प्रभारी गजानंद चौबे ने बताया कि मृतक के पास से सल्फास की एक शीशी और पानी की बोतल बरामद हुई है। इस बरामदगी से विषाक्त पदार्थ के सेवन से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
अखिलेश मुंबई में एक निजी कंपनी में काम करता था और वह दो दिन पहले ही घर लौटा था। उसके असामयिक निधन की खबर से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। अखिलेश की दो बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि एक बहन का विवाह अभी होना बाकी है।
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके।