आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। केराकत कोतवाली क्षेत्र के उदयचंदपुर गांव में एक नवविवाहिता की घर के अंदर फांसी पर लटकी लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सात महीने पहले हुई थी शादी
मृतका की पहचान रूपा देवी (22 वर्ष) पत्नी रोहित निषाद के रूप में हुई है। वह चोलापुर थाना क्षेत्र के दानगंज निवासी कमलेश निषाद की पुत्री बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार रूपा की शादी नवंबर 2024 में हुई थी।
शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज को लेकर विवाद और प्रताड़ना किए जाने का आरोप मायके पक्ष ने लगाया है। उनका कहना है कि दहेज की मांग को लेकर अक्सर कहासुनी होती रहती थी।
पूजा में आई थी मायके, फिर ले जाया गया ससुराल
बताया जाता है कि रूपा देवी रविवार को अपने मामा वीरू के यहां पूजा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए केराकत आई हुई थी। मंगलवार को पूजा समाप्त हो गई थी। गुरुवार को उसका देवर केराकत आया और कुछ कहासुनी के बाद उसे अपने साथ ससुराल ले गया।
मायके पक्ष का आरोप है कि गुरुवार को ही लगभग दो घंटे बाद उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे, जहां पुलिस भी पहुंच चुकी थी।
चार लोग हिरासत में, पति फरार
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने ससुराल पक्ष के चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि मौका पाकर मृतका का पति फरार हो गया है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
परिजनों में मचा कोहराम
घटना के बाद मायके पक्ष में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।