टी20 विश्व कप 2026 के 13वें मुकाबले में बुधवार को रोमांच की सारी हदें पार हो गईं। मुकाबले का रिजल्द दूसरे सुपर ओवर में निकला। कांटे की टक्कर वाले इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने अफगानिस्तान को शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीका ने 187 रन बनाए थे।
जवाब में अफगानिस्तान टीम 187 रन पर ढेर हो गई। इसके बाद मैच सुपर ओवर में पहुंचा और यह टाई रहा। हालांकि, दूसरे सुपर ओवर में साउथ अफ्रीका ने जीत का स्वाद चला। हालांकि, जीत के बाद साउथ अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्कराम खुश नजर नहीं आए। उन्होंने अपनी टीम की कई कमियों को उजागर कर दिया।
कुछ क्षेत्रों में सुधार करना होगा
रवि शास्त्री से बातचीत में एडेन ने कहा, "इन सब बातों को संक्षेप में बताना काफी मुश्किल है। यह एक टफ कम्पटीशन है। टीमें आप पर बहुत दबाव डालती हैं। मुझे लगता है जब आप खुद पर दबाव डालना शुरू कर देते हैं, तो आप अपने लिए मुश्किलें खड़ी कर लेते हैं। हम कुछ सबक सीख सकते हैं। कुछ क्षेत्रों में हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर पाए। इनमें सुधार की गुंजाइश है। हम बेहतर हो सकते हैं।"
लुंगी को क्यों दिया सुपर ओवर
सुपर ओवर में गेंदबाजी के विकल्पों पर उन्होंने कहा, "सुपर ओवर में आप शायद अपने सबसे भरोसेमंद गेंदबाज को चुनते हैं। वह गेंदबाज जिसने पूरे खेल में अच्छा प्रदर्शन किया हो। वह लुंगी थे। पहले ओवर में ज्यादा चूक नहीं हुई, लेकिन फिर भी उन्होंने अच्छा स्कोर बनाया। केशव के साथ भी यही कहानी है। स्पिनर होना मुश्किल है। शॉर्ट स्ट्रेट, शॉर्ट साइड, लेकिन फिर भी हमने उन पर भरोसा किया कि वे हमारे लिए काम पूरा करेंगे। सौभाग्यवश बोर्ड पर काफी रन थे।"
हमें कड़ी मेहनत करनी होगी
एडेन ने कहा, "मैंने प्लेयर्स से कहा कि यह एक अच्छा टारगेट है, लेकिन हमें कड़ी मेहनत करनी होगी। हमें अच्छी गेंदबाजी और फील्डिंग करनी होगी। मैं पूरी तरह से आश्वस्त नहीं था। मुझे लगा कि हमने कुछ विकेट गंवा दिए, लेकिन गेंदबाजी आक्रमण और फील्डिंग यूनिट को देखिए। अगर हम अच्छी फील्डिंग और फिर अच्छी गेंदबाजी से 10-15 रन जोड़ सकते हैं, तो मुझे लगता है कि हम मैच को रोमांचक बना सकते हैं। ऐसे क्षेत्र हैं जिनमें हम सुधार कर सकते हैं। छोटी-छोटी बातों का इस फॉर्मेट में इनका बहुत महत्व होता है।"
पॉजिटिव भी गिनाए
इस जीत से टीम का मनोबल कैसे बढ़ेगा? इस सवाल के जवाब में साउथ अफ्रीका के कप्तान ने कहा, "बिल्कुल। इस तरह के मैच से मिलने वाली सबसे बड़ी पॉजिटिव बात यही है कि इस तरह की प्रतियोगिता में आपको करीबी मैच जीतने होते हैं। इसमें सकारात्मकता है। सुपर ओवर में बल्लेबाजी करने वाले प्लेयर्स में भरपूर विश्वास और आत्मविश्वास था कि वे दबाव में भी अपनी स्किल दिखा सकते हैं। यह पहलू भी बिल्कुल महत्वपूर्ण है और हम इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहते।"
ओपनर्स पर बात की
ओपनर्स के बारे में कप्तान ने कहा, "उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया। इस फॉर्मेट में अच्छी शुरुआत करना बहुत जरूरी है और उन्होंने हमारे लिए बिल्कुल वैसा ही किया। उनमें से दो बल्लेबाज बहुत अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं, अपनी-अपनी खूबियों के अनुसार खेल को आगे बढ़ा रहे हैं, जिसे देखकर बहुत अच्छा लग रहा है। बीच के ओवरों में छोटे-छोटे बदलाव करते हुए, पहले दो मैचों में मुझे लगता है कि हमने दोनों में ही ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की है। इसे सुधार सकते हैं, उम्मीद है कि अंत में इससे कुछ और रन जुड़ेंगे।"