देवल संवाददाता, आज़मगढ़। होली पर्व को लेकर मिलावटखोरों पर शिकंजा कसते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने आजमगढ़ में व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने भरे गए और भारी मात्रा में संदिग्ध सामग्री जब्त कर सीज की गई, ताकि त्योहार पर आम लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री मिल सके।
होली पर्व के दृष्टिगत आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ तथा जिलाधिकारी आजमगढ़ के आदेश के क्रम में जनपद में मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सहायक आयुक्त (खाद्य) आजमगढ़ द्वारा गठित खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के प्रवर्तन दल ने विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर कुल 09 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए।
अभियान के दौरान जुनैदगंज से छेना मिठाई, हुसैनगंज से बूंदी का लड्डू, मुसेपुर से रिफाइंड सोयाबीन तेल एवं बूंदी का लड्डू, जबकि कालीनगंज से भीम लड्डू, शुगर बॉयल्ड कन्फेक्शनरी और चोकोबिन्स का एक-एक का नमूना लिया गया। साथ ही लगभग 80 किलोग्राम कन्फेक्शनरी, अनुमानित मूल्य 10,800 रुपये, जब्त कर सीज की गई।
एक अन्य खाद्य सचल दल ने निजामाबाद क्षेत्र से 01 मैदा एवं 01 रिफाइंड सोयाबीन तेल का नमूना लिया, जबकि 733 किलोग्राम रिफाइंड सोयाबीन तेल (कुल 49 टिन), अनुमानित मूल्य लगभग 1,06,000 रुपये, जब्त कर सीज किया गया। अब तक इस विशेष अभियान में कुल 44 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला भेजे जा चुके हैं तथा एक खाद्य कारोबारकर्ता को सुधार के लिए नोटिस जारी की गई है।
अभियान के दौरान खाद्य सचल प्रयोगशाला के माध्यम से हुसैनगंज, छतवारा और जुनैदगंज में खाद्य कारोबारियों एवं आम जनमानस को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया। सहायक आयुक्त (खाद्य) श्री सुशील कुमार मिश्र ने बताया कि होली त्यौहार के मद्देनजर यह छापेमारी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि पैक्ड खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी बेस्ट बिफोर और एक्सपायरी डेट अवश्य जांचें तथा अत्यधिक चमकीली व रंगीन मिठाइयों एवं खाद्य पदार्थों से परहेज करें।
इस छापेमारी दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रजनीश कुमार, गोविंद यादव, संजय कुमार तिवारी, सुचित प्रसाद, लालमणि यादव, शीत कुमार सिंह, अमरनाथ, बेबी सोनम और राजीव कुमार सिंह शामिल रहे।